Edited By Manisha,Updated: 09 Sep, 2026 05:19 PM

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना स्टारर ‘राणाबाली’ का दमदार टीजर रिलीज हो गया है। राहुल संकृत्यायन के निर्देशन में बनी यह पीरियड फिल्म 1876-78 के अकाल और अंग्रेजी हुकूमत के दौर की अनकही कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना स्टारर मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘राणाबाली’ का दमदार टीजर रिलीज हो गया है। माइथ्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बन रही यह फिल्म भारतीय इतिहास के उस दौर की कहानी को पर्दे पर लाने की कोशिश करती है, जिसके बारे में बहुत कम चर्चा हुई है। टीजर में अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचार, आम लोगों का संघर्ष और मुश्किल हालात के बीच उठ खड़े होने की कहानी की झलक देखने को मिलती है।
दक्षिण भारत के भीषण अकाल से शुरू होती है कहानी
फिल्म की कहानी 1876 से 1878 के बीच पड़े उस भीषण अकाल की पृष्ठभूमि में दिखाई गई है, जिसने मद्रास समेत दक्षिण और पश्चिम भारत के बड़े हिस्से को प्रभावित किया था। इस दौर में लाखों लोगों की जान गई थी और औपनिवेशिक नीतियों के कारण हालात और गंभीर हो गए थे। ‘राणाबाली’ इसी ऐतिहासिक दौर में आम लोगों के संघर्ष और उनके सामने खड़ी चुनौतियों को कहानी का हिस्सा बनाती है। फिल्म यह भी दिखाने की कोशिश करती है कि तमाम मुश्किलों के बावजूद लोगों ने किस तरह अपने अस्तित्व और हक के लिए आवाज उठाई।
View this post on Instagram
A post shared by Vijay Deverakonda (@thedeverakonda)
विजय बने रायलसीमा के ‘राणाबाली’, रश्मिका निभाएंगी जायम्मा का किरदार
फिल्म में विजय देवरकोंडा रायलसीमा की धरती से उठे एक तेलुगु शख्स ‘राणाबाली’ के किरदार में नजर आएंगे। वहीं रश्मिका मंदाना उनकी पत्नी और संघर्ष में साथी ‘जायम्मा’ की भूमिका निभा रही हैं। दोनों कलाकारों को इस पीरियड ड्रामा में बिल्कुल अलग और ज्यादा रॉ अवतार में देखा जाएगा। फिल्म में रायलसीमा की संस्कृति, बोली, लैंडस्केप और उस दौर के माहौल को खास तवज्जो दी गई है, जिससे कहानी को ज्यादा वास्तविक बनाने की कोशिश की गई है।
‘द ममी’ स्टार अर्नोल्ड वॉस्लू निभा रहे हैं अंग्रेज अधिकारी का रोल
‘राणाबाली’ की कास्ट में हॉलीवुड अभिनेता अर्नोल्ड वॉस्लू भी शामिल हैं। ‘द ममी’ फेम अभिनेता फिल्म में अत्याचारी अंग्रेज अधिकारी सर थियोडोर हेक्टर के किरदार में नजर आएंगे। टीजर में उनका किरदार कहानी के संघर्ष और टकराव को और तीखा करता दिखाई देता है। विजय और अर्नोल्ड वॉस्लू के किरदारों के बीच होने वाला टकराव फिल्म के अहम हिस्सों में से एक नजर आ रहा है।
अजय-अतुल का संगीत बढ़ाएगा कहानी का रोमांच
फिल्म के टीजर को संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल के दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक ने और प्रभावशाली बना दिया है। फिल्म के बड़े सिनेमाई स्केल और पीरियड सेटिंग के साथ उनका संगीत कहानी के भावनात्मक और एक्शन से भरपूर हिस्सों को मजबूती देता नजर आता है। ‘राणाबाली’ को राहुल संकृत्यायन ने डायरेक्ट किया है और फिल्म को बड़े प्रोडक्शन स्केल पर तैयार किया जा रहा है।
दशहरा के आसपास रिलीज होगी फिल्म
‘राणाबाली’ को अच्छाई और बुराई के बीच संघर्ष की कहानी के तौर पर भी पेश किया जा रहा है। फिल्म की थीम में बुराई पर अच्छाई की जीत का भाव नजर आता है, इसी वजह से मेकर्स इसे फेस्टिव सीजन में दर्शकों के सामने लाने की तैयारी कर रहे हैं। विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की जोड़ी, पीरियड सेटिंग, बड़े स्तर की कहानी और अजय-अतुल का संगीत फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है। ‘राणाबाली’ अक्टूबर 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।