विनोद कापड़ी की फिल्म ‘चिता’ 23 अक्टूबर को होगी रिलीज, बुजुर्ग दंपति की है कहानी

Edited By Updated: 28 Sep, 2026 05:18 PM

vinod kapri chita movie release date 23 october 2026

विनोद कापड़ी की फिल्म ‘चिता’ 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। जानें बुजुर्ग दंपति की कहानी और फिल्म के अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों के बारे में।

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्ममेकर विनोद कापड़ी की फिल्म ‘चिता’ की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है। हिमालय की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की कहानी एक बुजुर्ग दंपति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनके बच्चे बेहतर भविष्य की तलाश में गांव छोड़कर जा चुके हैं। ऐसे में उनकी जिंदगी घर, पुरानी यादों और एक-दूसरे के साथ तक सीमित रह गई है।

भगीरथी फिल्म्स और मशकबीन स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता विनोद कापड़ी, सुरेश जोशी और अरिंद्र राय चौधरी हैं। फिल्म में 80 वर्षीय पदम सिंह कापड़ी और 70 वर्षीय हीरा देवी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि दोनों कलाकारों ने इससे पहले कभी कैमरे के सामने अभिनय नहीं किया है। पदम सिंह सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी हैं, जबकि हीरा देवी गृहिणी और पूर्व नृत्यांगना हैं।

पलायन और रिश्तों की कहानी है ‘चिता’
कुमाऊं हिमालय के एक दूरदराज गांव में फिल्माई गई ‘चिता’ में गांवों से हो रहे पलायन और इसके कारण परिवारों के बीच बढ़ती दूरी को दिखाया गया है। फिल्म लंबे वैवाहिक जीवन में प्यार और साथ के महत्व को भी सामने लाती है।

निर्देशक विनोद कापड़ी के मुताबिक, यह फिल्म प्यार की कहानी है, जिसमें पति-पत्नी के साथ-साथ माता-पिता और बच्चों के रिश्ते को भी दिखाया गया है। उन्होंने बताया कि वह इस कहानी को ऐसे कलाकारों के जरिए पेश करना चाहते थे, जिन्होंने खुद ऐसी जिंदगी जी है। उनके अनुसार, पदम सिंह और हीरा देवी के वास्तविक अनुभवों और भावनाओं ने फिल्म को एक अलग पहचान दी है।

कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में दिखाई गई फिल्म
‘चिता’ का वर्ल्ड प्रीमियर 28वें टालिन ब्लैक नाइट्स फिल्म फेस्टिवल में हुआ था, जहां इसे पॉफ सर्वश्रेष्ठ फिल्म ऑडियंस अवॉर्ड मिला। इसके बाद फिल्म ने साओ पाउलो, कैंब्रिज, बाथ, फज्र और केरल के अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

फिल्म अब तक 18 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी है, जिनमें 15 सर्वश्रेष्ठ फिल्म पुरस्कार शामिल हैं। इसकी पूरी शूटिंग उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में की गई है। फिल्म का वितरण सिनेपोलिस कर रहा है। वहीं, इसका संगीत माइकेल डैना ने तैयार किया है और गीत गुलजार ने लिखे हैं। ‘चिता’ अब 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!