Edited By Manisha,Updated: 15 Jul, 2026 02:12 PM

निर्माता विपुल अमृतलाल शाह अपनी आगामी साइंस-फिक्शन फिल्म 'समुक' को बड़े और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेश करने की तैयारी में जुटे हैं।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। निर्माता विपुल अमृतलाल शाह अपनी आगामी साइंस-फिक्शन फिल्म 'समुक' को बड़े और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेश करने की तैयारी में जुटे हैं। अक्षय कुमार स्टारर इस मेगा प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें हॉलीवुड के अनुभवी तकनीकी विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। एलियन किरदार को तैयार करने की जिम्मेदारी हॉलीवुड के मशहूर क्रिएचर-इफेक्ट्स आर्टिस्ट एलेक गिलिस को सौंपी गई है। फिल्म के लिए फिजिकल कॉस्ट्यूम और प्रैक्टिकल डिजाइन तैयार किए जा रहे हैं, जिन पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
भारतीय कहानी के साथ हॉलीवुड तकनीक का मेल
'समुक' को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी साइंस-फिक्शन फिल्मों में से एक माना जा रहा है। फिल्म में भारतीय कहानी को हॉलीवुड स्तर की तकनीक और विजुअल इफेक्ट्स के साथ पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि यह फिल्म भारतीय दर्शकों को एक ऐसा सिनेमाई अनुभव देगी, जो पहले कभी देखने को नहीं मिला। विपुल अमृतलाल शाह का उद्देश्य सिर्फ एक बड़ी फिल्म बनाना नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाना भी है।
'भारत में आज तक ऐसी एलियन थ्रिलर नहीं बनी'
विपुल अमृतलाल शाह ने हाल ही में फिल्म को लेकर कहा कि 'समुक' भारतीय सिनेमा के स्थापित नियमों को तोड़ने वाली फिल्म होगी। उनके मुताबिक, भारत में अब तक इस स्तर की प्रीडेटर-एलियन थ्रिलर फिल्म नहीं बनी है। उन्होंने बताया कि एलेक गिलिस एलियन क्रिएचर को डिजाइन कर रहे हैं, जबकि हॉलीवुड फिल्म 'वेनम' से जुड़े अभिनेता-निर्देशक ल्यूक फिल्म के एक्शन सीक्वेंस का निर्देशन करेंगे। शाह ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए उन्होंने हॉलीवुड के बेहतरीन विशेषज्ञों के साथ साझेदारी की है ताकि फिल्म का हर पहलू अंतरराष्ट्रीय स्तर का हो।
अक्षय कुमार के साथ फिर नया प्रयोग
विपुल अमृतलाल शाह ने अक्षय कुमार के साथ अपनी लंबे समय की साझेदारी का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों ने हमेशा नए जॉनर में काम करने की कोशिश की है, लेकिन 'समुक' अब तक का सबसे अलग और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। उन्होंने बताया कि टीम ने यह तय किया था कि जब तक फिल्म के लिए परफेक्ट इंटरनेशनल स्केल हासिल नहीं होगा, तब तक शूटिंग शुरू नहीं की जाएगी। निर्देशक कनिष्क वर्मा ने हॉलीवुड टेक्नीशियनों के साथ मिलकर एलियन क्रिएचर और फिल्म के विजुअल्स को बेहतरीन बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। अब मेकर्स को उम्मीद है कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा में साइंस-फिक्शन का नया अध्याय लिखेगी।