हम 5 साल में हिमाचल की तस्वीर बदल देंगे : उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री

Edited By rajesh kumar,Updated: 21 Mar, 2023 05:31 PM

we will change picture himachal in 5 years deputy cm mukesh agnihotri

सुक्खू सरकार 100 दिन की हो गई है। 11 दिसम्बर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शपथ ली थी। सरकार का 100 दिन का सफर कैसा रहा, सरकार ने क्या कुछ नया किया और कितने चुनावी वादे निभाए इन सब सवालों को लेकर पंजाब...

नेशनल डेस्क: सुक्खू सरकार 100 दिन की हो गई है। 11 दिसम्बर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शपथ ली थी। सरकार का 100 दिन का सफर कैसा रहा, सरकार ने क्या कुछ नया किया और कितने चुनावी वादे निभाए इन सब सवालों को लेकर पंजाब केसरी संवाददाता संजीव शर्मा ने डिप्टी सी.एम. मुकेश अग्निहोत्री से बातचीत की। उन्होंने सभी सवालों का विस्तार से जवाब दिया और आने वाले समय में सरकार की क्या प्राथमिकताएं हैं उनका भी उल्लेख किया। पेश हैं बातचीत के संपादित अंश:

ओ.पी.एस. की जलेबी कांग्रेस के लिए रसीली, भाजपा के लिए चक्कर वाली
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा कांग्रेस पर ओ.पी.एस. की जलेबी पकाने वाले बयान पर मुकेश ने दिलचस्प पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यह जलेबी कांग्रेस को रास आ गई है, जहां-जहां कांग्रेस सरकार बनेगी यह जलेबी पकेगी और खूब रसभरी भी होगी, लेकिन भाजपा इस जलेबी के चक्कर में उलझ कर रह गई है। कर्मचारी जान गए हैं कि भाजपा उनकी हितैषी नहीं है। यह धन्ना सेठों की पार्टी है। इसलिए अब हर राज्य में ओ.पी.एस. को लेकर आंदोलन हो रहे हैं जो भाजपा को महंगे पड़ेंगे।

जयराम का बस चलता तो सौ ताजमहल बांट देते
मुकेश अग्निहोत्री ने संस्थान बंद करने के भाजपा के आरोपों पर उलटे भाजपा को ही आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि जाते-जाते 6 माह में बिना बजट के सैंकड़ों संस्थान खोले गए। 4 साल कुछ नहीं किया और सत्ता जाती दिखी तो दानवीर बन गए। इन्होंने संस्थान चलाने के लिए नहीं सरकार बचाने के लिए खोले। जयराम का बस चलता और कोई मांग लेता तो जयराम ताजमहल भी दे देते। 10 कालेजों के लिए महज एक लाख दिया जबकि 10 लाख में कालेज का एक टॉयलेट बनता है। अब पूछ रहे कि गोबर कब खरीदोगे --- अरे भई अब तुम यही मांग करोगे क्योंकि भाजपा का सारा गुड़ जनता ने चुनाव में गोबर जो कर दिया।

सूक्खू मेरे मैं सुक्खू का, जयराम सपने देखना बंद करें
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह जो मेरे और मुख्यमंत्री के बीच मतभेदों की खबरें हैं यह भाजपा का दुष्प्रचार है। भाजपा वाले मेरे पास आकर मुझे उकसाते हैं। मैं उनको कहता हूं चलते बनो यह दुकानदारी यहां नहीं चलेगी। सुक्खू मेरे मुख्यमंत्री हैं, कांग्रेस के नेता हैं, हम व्यक्तिवाद में नहीं पार्टी संगठन में विश्वास रखने वाले हैं। सरकार सशक्त है और लगातार चलेगी। जयराम सपने देखना बंद करें हम सब मिलकर 5 साल में प्रदेश की तस्वीर बदल देंगे।

सौ दिन की सबसे बड़ी उपलब्धि क्या है?
हमने सौ दिन में सभी वर्गों को छूने का प्रयास किया है । हमारा प्रमुख वादा कर्मचारियों को पुरानी पैंशन देने का था जिसे दिया जा चुका है। बजट में हमने महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह की दूसरी गारंटी की शुरूआत कर दी है। पहले चरण में 2 लाख महिलाओं को पैंशन जारी की गई है और बाकी चरणबद्ध ढंग से जारी हो जाएगी। हम स्पष्ट कर देना चाहते हैं  कि सभी महिलाओं को यह पैंशन मिलेगी। इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं। इसलिए भाजपा के झूठे प्रचार पर ध्यान न दें, उनकी स्थिति खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे वाली है।

भाजपा यह भी कह रही कि सरकार  5 लाख नौकरियां कब देगी?
बजट में हमने इसकी भी घोषणा कर दी है। 5 साल में 5 लाख के हिसाब से प्रति वर्ष एक लाख नौकरियां औसत बनती हैं। बजट में हमने 30 हजार नौकरियां सरकारी क्षेत्र में और 90 हजार निजी क्षेत्र में  देने  की बात साफ-साफ कही है। यह आंकड़ा कुल मिलाकर एक लाख बीस हजार बनता है। भाजपा को नहीं दिखता तो यह उनका दृष्टि दोष है। भाजपा वैसे भी अब बेरोजगार ही रहेगी।लेकिन सरकारी नौकरियां मिलेंगी कब और कैसे, कर्मचारी चयन आयोग तो भंग है। यह सही है कि कर्मचारी चयन आयोग भंग है क्योंकि बी.जे.पी. ने उसे भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था, लेकिन हम जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करेंगे। बजट सत्र खत्म होते ही हम नई भॢतयां करेंगे।

आपने पानी पर उपकर लगाया, भाजपा कह रही इससे बिजली महंगी होगी
भाजपा कभी खुद वाटर सैस लगाने के गीत गाती थी लेकिन कर नहीं पाई। हमने इच्छाशक्ति दिखाई और कर दिखाया। अब बी.जे.पी. परेशान है कि जो उससे नहीं हुआ हमने रातों-रात कैसे कर दिया । रही बात बिजली महंगी होने की तो ऐसा कुछ नहीं होगा, प्रदेश में जो बिजली मिलती है वो अलग समझौते के तहत हिस्सा मिलता है। वाटर सैस का कोई असर  उपभोक्ता पर नहीं पड़़ेगा । हम तो उन हिमाचलियों के हित भी प्रभावित नहीं होने देंगे जिन्होंने राज्य में प्रोजैक्ट लगाए हैं।

आपके ग्रीन हिमाचल के प्रोजैक्ट को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष कह रहे कि पैसा कहां से आएगा?
जयराम जी की यही समस्या है, वह तो अभी भी यह नहीं मान रहे कि वह विपक्ष में हैं। उनको सच स्वीकार लेना चाहिए।हमने परिवहन विभाग की गाडिय़ां इलैक्ट्रिक व्हीकल से बदलनी शुरू कर दी हैं और इसी साल 1500 इलैक्ट्रिक बसें भी आपको सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी, उनमें जयराम जी को भी सफर करवाएंगे ताकि वह देख सकें कि यह सच हो गया। पर इस सबके लिए क्या सच में सरकार के पास पैसे हैं? खजाना तो खाली है। खजाना भाजपा ने लूट लिया। 5 साल नवाबों की तरह मजे किए और चलते बने लेकिन हम विकास नहीं रुकने देंगे।

वाटर सैस से हर साल 4 हजार करोड़ आएगा। अभी हमने ठेकों की नीलामी से ही 500 करोड़ अतिरिक्त कमाए हैं। भाजपा इन्हें नीलाम नहीं करके  महज 10 परसैंट पर जारी रखती थी। आज देखें 35 से 60 फीसदी अधिक राजस्व पर ठेके नीलाम हुए हैं। इसी तरह हमने प्रति बोतल 10 रुपए काऊ सैस लगाया है। उससे भी हर साल 200 करोड़ आएगा। जयराम सरकार ने संसाधन पैदा करने पर कोई ध्यान ही नहीं दिया, उलटे जो था उसे खुद के ऐशो-आराम पर लुटा दिया।

Related Story

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!