Edited By Tanuja,Updated: 25 May, 2026 01:46 PM

बकरीद से पहले बांग्लादेश और पाकिस्तान में हुए दो भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों को मातम में डुबो दिया। बांग्लादेश में ट्रक पलटने से 15 लोगों की मौत हुई, जबकि पाकिस्तान में तेज रफ्तार बस की टक्कर से 17 लोगों की जान चली गई। दोनों हादसों में कई लोग...
International Desk: बकरीद यानी ईद अल-अजहा से पहले बांग्लादेश और पाकिस्तान में हुए दो बड़े सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। दोनों देशों में यात्रियों से भरे वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए, जिनमें कुल 32 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
बांग्लादेश में 15 लोगों की मौत
बांग्लादेश में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मध्य बांग्लादेश के प्रमुख राजमार्ग पर यात्रियों से भरा एक ट्रक पलट गया, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह हादसा तंगेल जिले के सोरातोइल इलाके में सुबह करीब पांच बजे हुआ। यह क्षेत्र राजधानी Dhaka से लगभग 83 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है। स्थानीय पुलिस प्रमुख फुआद हुसैन ने बताया कि चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक अचानक पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, ट्रक में सवार अधिकांश लोग दिहाड़ी मजदूर थे, जो ईद अल-अजहा की छुट्टियां मनाने अपने परिवारों के पास लौट रहे थे।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
पाकिस्तान में 17 लोगों की जान गई
वहीं पाकिस्तान में भी सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। उत्तर-पश्चिमी इलाके में एक तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़ी दूसरी बस से टकरा गई, जिससे कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना मरदान जिले के स्वात एक्सप्रेसवे पर हुई। शुरुआती जांच में पता चला कि सड़क किनारे खड़ी बस में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण उसे रोकना पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी पूरी तरह नहीं हो पाई है। बस में सवार यात्री ऊपरी दीर और बाजौर जिलों के निवासी थे और स्वात घाटी की ओर जा रहे थे। बचाव दल लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।