Edited By Tanuja,Updated: 12 Aug, 2026 06:42 PM

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुजफ्फरगढ़ जिले में शादी समारोह में जा रहे 26 लोगों में से कुछ यात्रियों से भरा तिपहिया वाहन नहर में गिर गया। तेज रफ्तार के कारण हुए हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 15 लोगों की मौत हो गई। बचाव दल ने कई लोगों को सुरक्षित...
Islamabad: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में कथित तौर पर तेज रफ्तार के कारण एक तिपहिया वाहन नहर में गिर गया, जिसके कारण महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब के मुजफ्फरगढ़ जिले के कोट अड्डू में मंगलवार को यह तिपहिया वाहन में गिर गया। उन्होंने बताया कि इसमें शादी समारोह में शामिल होने जा रहे 26 लोग सवार थे।
यह स्थान लाहौर से लगभग 350 किलोमीटर दूर है। 'पंजाब इमरजेंसी रेस्क्यू 1122' ने बुधवार को एक बयान में कहा कि तीन तिपहियों से बाराती एक गांव से दूसरे गांव तक जा रहे थे कि इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण उनमें से एक तिपहिया नियंत्रण खो बैठा और मुजफ्फरगढ़ नहर में जा गिरा। इसमें कहा गया है, ''तीन लोगों के नहर में तैरकर बाहर आने और 'रेस्क्यू 1122' को सूचना देने के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों और बचाव अधिकारियों ने मंगलवार को आठ लोगों को बचाया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।''
पुलिस ने बताया कि मंगलवार तक नहर से 12 शव बरामद किए जा चुके थे। बयान में कहा गया, "बुधवार को तीन और शव बरामद किए गए, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई।" इसमें कहा गया है कि शव घटनास्थल से पांच से 20 किलोमीटर दूर से बरामद किए गए। बताया जाता है कि नहर 12 से 15 फुट गहरी और 100 से 120 फुट चौड़ी है।