पेशावर में स्कूल की छत गिरने से 35 लोगों की मौत, ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज

Edited By Updated: 16 Oct, 2026 04:02 PM

35 people killed after school roof collapses in peshawar

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक निजी स्कूल की छत गिरने से 35 लोगों की मौत और 52 अन्य के घायल होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को स्कूल के मालिकों, शेयरधारकों और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया।

पेशावर : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक निजी स्कूल की छत गिरने से 35 लोगों की मौत और 52 अन्य के घायल होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को स्कूल के मालिकों, शेयरधारकों और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया। अधिकारियों ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी के अनुसार, बृहस्पतिवार को हुई इस घटना में 34 बच्चों और एक शिक्षिका की मौत के बाद पेशावर के आगा मीर जानी शाह पुलिस थाने में पाकिस्तान दंड संहिता की धाराओं 148, 149 और 322 के तहत मामला दर्ज किया गया। पेशावर की दीर कॉलोनी स्थित 'अल-खैर एजुकेशन सिस्टम' के मालिकों, शेयरधारकों और निर्माण कार्य के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के नाम भी प्राथमिकी में शामिल हैं। 

निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया था 

प्राथमिकी के मुताबिक, स्कूल का निर्माण 16 मरला जमीन पर किया गया था, जिसका स्वामित्व वहीद और जावेद के पास था। निर्माण शुरू होने से पहले वर्ष 2024 में यह जमीन पट्टे पर दी गई थी। प्राथमिकी के अनुसार, हादसे में इमारत की दूसरी मंजिल पर स्थित नर्सरी की कक्षा और भूतल के कमरों की छतें ढह गईं। इसमें आरोप लगाया गया है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया था और इमारत की दीवारों तथा छतों की खराब होती स्थिति को लेकर विद्यार्थियों की पहले की शिकायतों को स्कूल प्रशासन ने नजरअंदाज किया था। पुलिस ने बताया कि स्कूल के मालिक को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि मामले में नामजद अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। 

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्य सचिव ने हादसे की जांच करने और सात दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के लिए दो सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति इमारत की संरचनात्मक मजबूती, निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करेगी। इसके अलावा, वह संभावित लापरवाही की पड़ताल कर जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की सिफारिश करेगी। प्रांतीय सरकार पूरे राज्य में सरकारी और निजी स्कूलों की इमारतों की सुरक्षा का आकलन करने के लिए एक व्यवस्था भी विकसित करेगी। सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 10 लाख पाकिस्तानी रुपये (करीब 3.42 लाख रुपये) और घायल प्रत्येक विद्यार्थी को दो लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!