Edited By Pardeep,Updated: 24 Aug, 2026 06:09 AM

पश्चिम अफ्रीकी देश गिनी की राजधानी कोनाक्री में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां शहर के सबसे बड़े लैंडफिल (कचरे के ढेर) का एक विशाल हिस्सा ढह गया। नागरिक सुरक्षा सेवा के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 30 लोगों की...
इंटरनेशनल डेस्कः पश्चिम अफ्रीकी देश गिनी की राजधानी कोनाक्री में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां शहर के सबसे बड़े लैंडफिल (कचरे के ढेर) का एक विशाल हिस्सा ढह गया। नागरिक सुरक्षा सेवा के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई है।
भारी बारिश के बाद हुआ भूस्खलन
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 3 बजे इलाके में भारी बारिश शुरू हुई। इस मूसलाधार बारिश के चलते 'दार ए सलाम' (Dar Es Salam) स्थित कचरे के पहाड़ में भूस्खलन (landslide) हो गया, जिसने आस-पास बनी झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। मलबे के नीचे कई झुग्गियां पूरी तरह दब गईं। हादसे के तुरंत बाद जीवित बचे लोगों को तलाशने और उन्हें बाहर निकालने के लिए बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।
रविवार को ही बंद होनी थी साइट
सैन्य इंजीनियरिंग बटालियन के स्वच्छता अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल बाल्डे ममादु बैलो ने बताया कि इस कचरा डंपिंग साइट को रविवार को ही बंद किया जाना निर्धारित था। हालांकि प्रशासन ने आस-पास रहने वाले स्थानीय लोगों को पहले ही इलाका खाली करने के लिए नोटिस जारी कर दिए थे, जिसके बाद कई लोग वहां से चले गए थे, लेकिन दुर्घटना के समय अभी भी बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे।
घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे क्षेत्रीय प्रशासन और विकेंद्रीकरण मंत्री दीनाबोउ तौरे ने दुख जताते हुए कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि बचे हुए सभी परिवारों को जल्द से जल्द दूसरी जगह सुरक्षित रूप से स्थानांतरित (relocate) किया जाए।