Edited By Pardeep,Updated: 30 Aug, 2026 06:00 AM

नेपाल में भीषण बाढ़ और भारी तबाही के बीच एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बाढ़ के तेज बहाव में मीलों बहकर आई एक बैंक की सेफ (तिजोरी) मिलने के बाद स्थानीय लोगों में नोट लूटने की होड़ मच गई और भारी अफरा-तफरी फैल गई।
काठमांडू/धाडिंग: नेपाल में भीषण बाढ़ और भारी तबाही के बीच एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बाढ़ के तेज बहाव में मीलों बहकर आई एक बैंक की सेफ (तिजोरी) मिलने के बाद स्थानीय लोगों में नोट लूटने की होड़ मच गई और भारी अफरा-तफरी फैल गई। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नेपाल पुलिस ने अब तक 29 लोगों को हिरासत में लिया है और उनके पास से कथित तौर पर चोरी किए गए 9,268,505 रुपये (करीब 92.7 लाख रुपये) बरामद किए हैं।
नदी किनारे मिली थी तिजोरी, तोड़कर निकाले नोट
यह घटना धाडिंग जिले की है। दरअसल, यह तिजोरी रसुवा जिले की भोटेकोशी नदी की बाढ़ में बह गई थी, जो बहते-बहते धाडिंग में त्रिशूली नदी के किनारे आ पहुंची। यह तिजोरी 26 अगस्त 2026 को धाडिंग की गल्छी ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 में बेलखुखोला के पास मिली थी।
पुलिस को 28 अगस्त को पुख्ता जानकारी मिली कि स्थानीय लोगों ने लावारिस पड़ी इस तिजोरी को तोड़ दिया है और उसके अंदर रखी अज्ञात मात्रा में नकदी निकाल ली है।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 19 से 49 साल के आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में पहुंचकर जांच और तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस ने गल्छी-4 के मास्टार इलाके, गल्छी-6 के आदमघाट और सिद्धालेख-7 के आदमतार सहित चितवन और परसा के रहने वाले कुल 29 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनकी उम्र 19 से 49 साल के बीच है। आरोपियों के सामान की तलाशी लेने पर पुलिस को 9,268,505 रुपये नकद बरामद हुए। फिलहाल पुलिस बरामद नकदी के वास्तविक स्रोत और इस घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
बाढ़ से हाहाकार
इस घटना के बीच नेपाल में बाढ़ में मरने वालों का आंकड़ा लगातार गहराता जा रहा है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस भीषण प्राकृतिक आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 675 हो चुकी है। वहीं, 2,400 लोग अभी भी लापता हैं, जिनमें 517 विदेशी नागरिक शामिल हैं।