Edited By Tanuja,Updated: 04 May, 2024 03:32 PM
संयुक्त राष्ट्र (UN) की एक शीर्ष अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि इजराइल और हमास के बीच युद्ध को छह महीने से ज्यादा वक्त बीत जाने और...
वाशिंगटन: संयुक्त राष्ट्र (UN) की एक शीर्ष अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि इजराइल और हमास के बीच युद्ध को छह महीने से ज्यादा वक्त बीत जाने और फलस्तीनी क्षेत्र में खाद्य आपूर्ति पर इजराइल द्वारा कड़े प्रतिबंध लगाए जाने के कारण संकटग्रस्त उत्तरी गाजा में अकाल अब अपने चरम पर पहुंच गया है।
संरा विश्व खाद्य कार्यक्रम की अमेरिकी निदेशक सिंडी मैक्केन अब तक की पहली ऐसी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय अधिकारी हैं, जिन्होंने उत्तरी गाजा में फंसे नागरिकों के अकाल से जूझने की पुष्टि की है। मैक्केन ने एनबीसी के 'मीट द प्रेस' को दिए साक्षात्कार में कहा, ''यह भयावह है। उत्तर में अकाल चरम पर है और यह स्थिति दक्षिण की ओर बढ़ रही है।'' यह साक्षात्कार रविवार को प्रसारित होगा।
उन्होंने कहा कि गाजा में तेजी से बढ़ते इस गंभीर मानवीय संकट का सामना करने के लिए संघर्ष विराम और जमीन व समुद्री मार्गों के जरिये सहायता पहुंचाने की दर में भारी वृद्धि की जरूरत है। गाजा में करीब 23 लाख लोग रहते हैं। इजराइल की ओर से फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं आई है। गाजा में प्रवेश पर इजराइल का नियंत्रण है और उसका कहना है कि वह भूमि सीमा के जरिये भोजन और अन्य मानवीय सहायता की अनुमति देना शुरू कर रहा है।