Edited By Tanuja,Updated: 09 Nov, 2026 01:58 PM

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत सफल रही तो दोबारा युद्ध में लौटने की संभावना बेहद कम है। हालांकि, उन्होंने सैन्य कार्रवाई का विकल्प खुला रखा है। मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को झटका लगने के बाद ईरान नीति पर...
Washington: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ सैन्य टकराव को लेकर बड़ा बयान दिया है। 8 नवंबर को सीएनएन से फोन पर बातचीत में उन्होंने कहा कि यदि ईरान के साथ बातचीत आगे बढ़ती रही तो अमेरिका को दोबारा युद्ध में लौटने का आदेश देने की जरूरत पड़ने की संभावना बेहद कम है। ट्रंप ने कहा, ''यह इस बात पर निर्भर करता है कि वे मजबूत समझौते पर हस्ताक्षर करते हैं या नहीं। इसकी जरूरत पड़ने की संभावना बेहद कम है।'' उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में हुए अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में उनकी रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। हालांकि, ट्रंप ने स्पष्ट किया कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के अपने रुख से वह पीछे नहीं हटेंगे।
अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में परमाणु कार्यक्रम और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज यानी होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने जैसे मुद्दे अहम बने हुए हैं। ट्रंप ने एक दिन पहले भी दावा किया था कि ईरान के साथ बातचीत में काफी प्रगति हुई है। उनका कहना है कि आगे का फैसला इस बात पर निर्भर करेगा कि ईरान किसी मजबूत समझौते के लिए तैयार होता है या नहीं। ऐसे में फिलहाल कूटनीतिक बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की संभावना बनी हुई है। एक तरफ ट्रंप बातचीत से समाधान निकलने की उम्मीद जता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने सैन्य कार्रवाई की तैयारियों का भी उल्लेख किया है। CNN से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना इस क्षेत्र में पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान के 38 पुलों समेत कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाने पर रखा है और इन्हें एक घंटे में तबाह किया जा सकता है।
हालांकि, ट्रंप ने कहा कि वह ईरान के बुनियादी ढांचे को नष्ट नहीं करना चाहते, क्योंकि उसे दोबारा बनाने में करीब 10 साल लग सकते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिकी सेना ईरान को सैन्य स्तर पर काफी नुकसान पहुंचा चुकी है। ट्रंप का यह बयान 3 नवंबर को हुए अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बाद आया है। इन चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में बहुमत हासिल किया। इससे रिपब्लिकन पार्टी का कांग्रेस पर नियंत्रण खत्म हो गया। यह ट्रंप के लिए बड़ा राजनीतिक झटका है, क्योंकि उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान अपनी पार्टी के उम्मीदवारों का समर्थन किया था। नतीजों के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर चुनाव परिणामों को अमेरिका के इतिहास में पीछे जाने वाला कदम बताया। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणामों के बाद शेयर बाजार को एक ही दिन में 3 ट्रिलियन डॉलर का नुकसान हुआ।