ईरान की जवाबी कार्रवाई के बीच दुबई-दोहा में फिर जोरदार धमाके! मिडिल ईस्ट में बदतर हो रहे हालात

Edited By Updated: 03 Mar, 2026 10:57 PM

another powerful explosion in dubai and doha amid iran s retaliatory strikes

मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार से शुरू हुए अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद ईरान की भी जवाबी कार्रवाई जारी है। इसी बीच सोमवार रात दुबई और दोहा में जोरदार धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं।

इंटरनेशनल डेस्कः मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार से शुरू हुए अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद ईरान की भी जवाबी कार्रवाई जारी है। इसी बीच सोमवार रात दुबई और दोहा में जोरदार धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं।

पत्रकारों ने कतर की राजधानी दोहा और संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर में तेज धमाकों की गूंज सुनने की पुष्टि की। वहीं समाचार एजेंसी एएफपी से बात करते हुए दो स्थानीय लोगों ने बताया कि यूएई की राजधानी अबू धाबी में भी विस्फोटों की आवाज़ सुनाई दी।

हवाई क्षेत्र बंद, हजारों उड़ानें रद्द

अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर शनिवार से किए जा रहे हमलों के बाद ईरान ने खाड़ी देशों और इज़राइल पर ड्रोन और मिसाइल से जवाबी हमले शुरू कर दिए। इन हमलों के कारण कई देशों ने अपनी सुरक्षा को देखते हुए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। एविएशन डेटा एनालिसिस कंपनी सिरीयम (Cirium) के अनुसार, शनिवार से सोमवार के बीच कुल 12,903 उड़ानें रद्द कर दी गईं। यह निर्धारित उड़ानों का लगभग 40 प्रतिशत है। इससे अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर बड़ा असर पड़ा है और हजारों यात्री फंसे हुए हैं।

ईरान की चेतावनी: ‘सभी आर्थिक केंद्रों को निशाना बनाएंगे’

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के एक जनरल, Ebrahim Jabbari ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका और इज़राइल ने हमले जारी रखे तो ईरान पूरे मध्य पूर्व के “सभी आर्थिक केंद्रों” को निशाना बनाएगा। उन्होंने कहा, “हम दुश्मन से कह रहे हैं कि अगर उसने हमारे मुख्य केंद्रों को निशाना बनाया तो हम क्षेत्र के सभी आर्थिक केंद्रों पर हमला करेंगे।” उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बंद कर दिया है। यह समुद्री मार्ग दुनिया में तेल सप्लाई के लिए बेहद अहम माना जाता है।

कच्चे तेल की कीमतों में उछाल

ईरान की चेतावनी के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) की कीमत जुलाई 2024 के बाद पहली बार 85 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। जनरल जब्बारी के मुताबिक, फिलहाल तेल की कीमत 80 डॉलर से ऊपर है और यह जल्द 200 डॉलर तक पहुंच सकती है। अगर ऐसा होता है तो दुनिया भर में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ सकते हैं।

तेहरान और क़ोम में भी बड़े हमले

उधर, ईरान की राजधानी तेहरान में भी जोरदार धमाके हुए। इज़राइल की सेना ने बयान जारी कर कहा कि उसने ईरान के उन औद्योगिक ठिकानों पर हमला किया है जहां हथियार, खासकर बैलिस्टिक मिसाइलें बनाई जाती हैं। इजराइली सेना ने यह भी कहा कि उसने तेहरान में “बड़े पैमाने” पर हमलों की नई लहर शुरू की है, जिसका मकसद ईरानी शासन के सैन्य ढांचे और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना है।

ईरानी समाचार एजेंसी मेहर के मुताबिक, तेहरान का मेहराबाद एयरपोर्ट, जो मुख्य रूप से घरेलू उड़ानों के लिए इस्तेमाल होता है, उसे भी निशाना बनाया गया। इसके अलावा दक्षिण में स्थित धार्मिक शहर क़ोम में भी हमला हुआ, जहां उस सरकारी संस्था की इमारत को नुकसान पहुंचा जो देश के नए सर्वोच्च नेता के चुनाव से जुड़ी है।

पूरे क्षेत्र में बढ़ी चिंता

मध्य पूर्व में अमेरिका की सैन्य मौजूदगी वाले देशों पर हो रहे इन हमलों से क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। दुबई, अबू धाबी और दोहा जैसे बड़े आर्थिक और व्यापारिक केंद्रों में धमाकों की खबर से निवेशकों और आम लोगों में चिंता बढ़ गई है। अगर हालात जल्द काबू में नहीं आए, तो इसका असर न सिर्फ खाड़ी देशों बल्कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था, तेल बाजार और हवाई यात्रा पर पड़ सकता है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!