Edited By Rohini Oberoi,Updated: 02 Jul, 2026 09:27 AM

दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए दो विनाशकारी भूकंपों के बाद हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। मलबे को हटाने और राहत कार्य जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है हताहतों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वहीं ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने...
Venezuela Earthquake : दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए दो विनाशकारी भूकंपों के बाद हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। मलबे को हटाने और राहत कार्य जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है हताहतों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वहीं ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,943 हो गई है जबकि 10,571 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने बुधवार को इस भयानक तबाही की आधिकारिक जानकारी साझा की। श्री रोड्रिगेज ने बताया कि वेनेजुएला और अन्य देशों के विशेषज्ञों ने संयुक्त अभियान चलाकर मलबे से 6,461 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। गौरतलब है कि 24 जून को उत्तरी वेनेजुएला में 39 सेकंड के अंतराल पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए थे।

पिछले कई दशकों में यह देश में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में शामिल हैं। इन दो भूकंपों से राजधानी काराकास, ला गुआइरा और उत्तरी क्षेत्रों में व्यापक तबाही हुई। सैकड़ों इमारतें ढह गईं या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं। सड़कें, अस्पताल, स्कूल तथा अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि बड़े क्षेत्रों में बिजली और दूरसंचार सेवाएं भी बाधित हुईं हैं।