Edited By Tanuja,Updated: 09 May, 2024 02:28 PM
आंतकवादियों को पनाह देने वाला पाकिस्तान अब खुद आए दिन आतंकी हमलों का शिकार हो रहा है। बुधवार को...
पेशावरः आंतकवादियों को पनाह देने वाला पाकिस्तान अब खुद आए दिन आतंकी हमलों का शिकार हो रहा है। बुधवार को बंदूकधारियों ने दक्षिण-पश्चिमी पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह के पास एक घर पर हमला किया और सो रहे सात मजदूरों को मार डाला। बंदरगाह शहर दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में स्थित है, जो अफगानिस्तान और ईरान की सीमा पर है। अभी तक किसी ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
इससे पहले 20 मार्च को पाकिस्तान के बलूचिस्तान स्थित ग्वादर पोर्ट पर आतंकी हमले की खबर सामने आई थी। बताया जा रहा था कि ग्वादर पोर्ट के अथॉरिटी कॉम्प्लैक्स में आठ हथियारबंद आंतकवादी जबरदस्ती घुसे। इसके बाद उनके द्वारा मौके पर गोलीबारी और बम धमाके किए गए थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आतंकवादियों ने ग्वादर के सरबंद में फिश हार्बर जेट्टी के पास आवासीय क्वार्टरों पर हमला किया।
आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की। इसके कारण सो रहे सात लोगों की मौत हो गई और अन्य एक घायल हो गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान में आतंकवाद की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिली है। सेंटर फॉर रिसर्च एंड सिक्योरिटी स्टडीज की वार्षिक सुरक्षा रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में 2023 में 789 आतंकी हमले हुए। इन हमलों में 1,524 लोगों की मौत हुई और 1,463 लोग घायल हुए। यह बीते छह सालों में उच्चतम रिकॉर्ड है।