Edited By Rahul Singh,Updated: 03 Oct, 2026 02:55 PM

हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने भी घटना की निंदा करते हुए इसे संभावित हेट क्राइम बताया। संगठन ने कहा कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हिंदू-अमेरिकी समुदाय के खिलाफ कथित तौर पर नफरत और आपत्तिजनक बयानबाजी बढ़ रही है।
क्लीवलैंड : अमेरिका के ओहायो राज्य के ग्रेटर क्लीवलैंड इलाके में एक हिंदू मंदिर पर ईंटों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में मंदिर की खिड़कियां टूट गईं और इमारत को नुकसान पहुंचा। घटना के समय मंदिर के अंदर पुजारी और कुछ श्रद्धालु मौजूद थे। यह घटना शुक्रवार दोपहर रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण हिंदू मंदिर वडतालधाम में हुई। हिंदू समुदाय के लिए काम करने वाले संगठन कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका ने घटना की जानकारी साझा की है। हालांकि, संगठन ने यह स्पष्ट नहीं किया कि हमले में कोई व्यक्ति घायल हुआ या नहीं।
CoHNA ने रिचमंड हाइट्स की मेयर किम थॉमस और स्थानीय प्रशासन से घटना की कड़ी निंदा करने तथा पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है। संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, “हम मेयर किम थॉमस और रिचमंड हाइट्स प्रशासन से ऐसी कट्टरता की निंदा करने और पुलिस से दोषी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की अपील करते हैं।”
HAF ने जताई चिंता
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने भी घटना की निंदा करते हुए इसे संभावित हेट क्राइम बताया। संगठन ने कहा कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हिंदू-अमेरिकी समुदाय के खिलाफ कथित तौर पर नफरत और आपत्तिजनक बयानबाजी बढ़ रही है। HAF ने देश के निर्वाचित नेताओं और सरकारी एजेंसियों से भारतीय-अमेरिकी और हिंदू-अमेरिकी समुदायों के खिलाफ नफरत भरी बयानबाजी की सार्वजनिक रूप से और स्पष्ट शब्दों में निंदा करने की अपील की। HAF की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सुहाग शुक्ला ने भी घटना की निंदा करते हुए दोषी को गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा, “ऑनलाइन नफरत अब हिंदू मंदिर पर वास्तविक हमले में बदल गई है। वीडियो देखें और दोषी को पकड़ें।”
'हिंदू हेरिटेज मंथ' से पहले हुई घटना
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ओहायो में भारतीय-अमेरिकी समुदाय नवरात्रि उत्सव के साथ 'हिंदू हेरिटेज मंथ' मनाने की तैयारी कर रहा है। समुदाय के कार्यक्रम अगले कुछ दिनों में शुरू होने वाले हैं। हिंदू अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठनों ने इससे पहले भी अमेरिका में हिंदू धार्मिक स्थलों पर तोड़फोड़ और हमलों की घटनाओं को दर्ज किया है। इन घटनाओं में अगस्त 2022 में न्यूयॉर्क के क्वींस स्थित श्री तुलसी मंदिर में महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने का मामला और दिसंबर 2023 में कैलिफोर्निया के नेवार्क स्थित SMVS श्री स्वामीनारायण मंदिर की दीवारों पर आपत्तिजनक ग्रैफिटी किए जाने की घटना शामिल है।
संगठनों के मुताबिक, 2024 में न्यूयॉर्क और कैलिफोर्निया में BAPS मंदिरों को भी निशाना बनाया गया था। कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स स्थित BAPS मंदिर को भी कथित तौर पर नफरत भरे संदेश लिखकर विरूपित किया गया था। फिलहाल, रिचमंड हाइट्स मंदिर पर हुए हमले की जांच और घटना के पीछे की वजह को लेकर स्थानीय अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।