Edited By Pardeep,Updated: 23 Aug, 2026 10:06 PM

विदेश में जब किसी का कीमती सामान खो जाता है, तो बेहद तनाव और चिंता होना स्वाभाविक है, विशेषकर तब जब उसमें करीब 1 लाख रुपये की कीमत का सामान हो। लेकिन जापान में एक भारतीय महिला के साथ कुछ ऐसा हुआ कि वह वहां के लोगों की ईमानदारी और इंसानियत की मुरीद...
इंटरनेशनल डेस्कः विदेश में जब किसी का कीमती सामान खो जाता है, तो बेहद तनाव और चिंता होना स्वाभाविक है, विशेषकर तब जब उसमें करीब 1 लाख रुपये की कीमत का सामान हो। लेकिन जापान में एक भारतीय महिला के साथ कुछ ऐसा हुआ कि वह वहां के लोगों की ईमानदारी और इंसानियत की मुरीद हो गईं। सोनम मिधा नामक इस महिला ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अपनी इस बेहद भावुक कर देने वाली आपबीती को बयां किया है।
साइकिल की टोकरी में भूल गईं थीं पर्स
सोनम मिधा ने बताया कि वह अपनी एक सहेली के साथ किराए की साइकिलों पर सवार होकर एक रेस्टोरेंट पहुंची थीं। उन्होंने अपना पर्स साइकिल के आगे लगी टोकरी में रख दिया था, लेकिन जब वे रेस्टोरेंट के अंदर गईं, तो पर्स वहीं निकालना भूल गईं। करीब एक घंटे बाद जब वे रेस्टोरेंट से बाहर आईं, तब उन्हें अपने पर्स की याद आई। जब उन्होंने साइकिल और आसपास के इलाके में खोजबीन की, तो पर्स गायब था।
पर्स में था 1 लाख रुपये का कीमती सामान
सोनम के अनुसार, उनके उस पर्स में लगभग 1 लाख रुपये की कीमत का सामान था। इसमें हाल ही में खरीदा गया एक डीजेआई (DJI) माइक्रोफोन, नकदी और उनके घर की चाबियां रखी हुई थीं। पर्स न मिलने पर उन्होंने घबराने के बजाय सीधे पुलिस स्टेशन जाकर अपनी रिपोर्ट दर्ज कराने का फैसला किया।
थाने पहुंचते ही मिला सुखद सरप्राइज
जैसे ही सोनम पुलिस स्टेशन पहुंचीं और उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने खोए हुए पर्स और उसमें रखे सामान का विवरण दिया, तो वहां मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने उन्हें हैरान करने वाली जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि थोड़ी देर पहले ही एक अनजान शख्स वैसा ही एक पर्स वहां जमा करा गया है।
जैसे ही सोनम ने वह पर्स देखा, उन्होंने तुरंत उसे पहचान लिया। एक अनजान राहगीर ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए वह पर्स पुलिस को सौंप दिया था, और सबसे बड़ी बात यह थी कि पर्स के अंदर रखा एक-एक सामान पूरी तरह सुरक्षित था।
इंसानियत आज भी जिंदा है: सोनम मिधा
इस घटना से भावुक हुईं सोनम ने जापान के लोगों की दयालुता की दिल खोलकर तारीफ की और कहा कि आज भी दुनिया में इंसानियत जिंदा है। उन्होंने जापान के प्रति अपना गहरा आभार भी व्यक्त किया।
सोशल मीडिया पर भी उमड़ा लोगों का प्यार
इंस्टाग्राम पर इस वीडियो के सामने आने के बाद यूजर्स भी कमेंट सेक्शन में जापान से जुड़े अपने ऐसे ही सुखद अनुभव साझा कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ था, और उसी दिन से मुझे जापान से प्यार हो गया"। वहीं, एक अन्य यूजर ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "यही तो जापान की असली खूबसूरती है"।