Edited By Pardeep,Updated: 22 Mar, 2026 06:12 AM

मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब ने सख्त रुख अपनाते हुए कई ईरानी राजनयिकों को देश से बाहर निकालने का फैसला किया है।
इंटरनेशनल डेस्कः मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब ने सख्त रुख अपनाते हुए कई ईरानी राजनयिकों को देश से बाहर निकालने का फैसला किया है। सऊदी विदेश मंत्रालय ने शनिवार को घोषणा करते हुए ईरान पर बार-बार हमले करने का आरोप लगाया।
“ईरान की खुली आक्रामकता”—सऊदी का आरोप
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में ईरान की कार्रवाइयों को “खुली आक्रामकता” करार देते हुए कहा कि सऊदी की संप्रभुता, नागरिक ढांचे, आर्थिक हितों और राजनयिक मिशनों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का स्पष्ट उल्लंघन है।
बीजिंग घोषणा का भी हवाला
सऊदी अरब ने यह भी कहा कि ईरान की ये गतिविधियां Beijing Declaration की भावना के खिलाफ हैं और इस्लाम के सिद्धांतों पर दिए गए उसके बयानों से मेल नहीं खातीं।
24 घंटे का अल्टीमेटम
सरकार ने ईरानी सैन्य अटैशे, सहायक अटैशे और तीन अन्य दूतावास कर्मियों को “persona non grata” घोषित करते हुए 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया है।
आगे और कड़े कदम के संकेत
सऊदी अरब ने चेतावनी दी है कि अगर हमले जारी रहे तो इससे दोनों देशों के संबंधों पर “अब और भविष्य में” गंभीर असर पड़ सकता है। मंत्रालय ने 9 मार्च 2026 को जारी अपनी पिछली चेतावनी का भी जिक्र किया।
क्षेत्रीय तनाव लगातार बढ़ रहा
यह फैसला ऐसे समय आया है जब 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद पूरा क्षेत्र तनाव में है। इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी के कई देशों बहरीन, इराक, जॉर्डन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई में अमेरिकी और सहयोगी ठिकानों को निशाना बनाया है। फिलहाल ईरान की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं।