Edited By Tanuja,Updated: 11 May, 2026 03:13 PM

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump को युद्ध में घसीटने के आरोप खारिज करते हुए कहा कि दोनों को कार्रवाई के जोखिम और परिणामों का...
International Desk: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने ईरान के खिलाफ जारी युद्ध को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और ईरान के परमाणु कार्यक्रम तथा उसके प्रॉक्सी नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना अभी बाकी है। अमेरिकी चैनल CBS को दिए इंटरव्यू में नेतन्याहू ने उन आरोपों को खारिज किया, जिनमें कहा जा रहा था कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को “झूठे आकलन” दिखाकर ईरान युद्ध में धकेला। नेतन्याहू ने कहा, “हम दोनों जानते थे कि कार्रवाई में जोखिम है, लेकिन कार्रवाई न करने में उससे भी बड़ा खतरा था।”
उन्होंने दावा किया कि ईरान में सत्ता परिवर्तन और उसके परमाणु कार्यक्रम को रोकना इजरायल और अमेरिका दोनों के लिए जरूरी था। नेतन्याहू ने यह भी खुलासा किया कि ट्रंप ने उनसे कहा था कि अगर मौका मिला तो संवर्धित यूरेनियम को हटाने के लिए अमेरिकी विशेष बल अंदर भेजे जा सकते हैं। नेतन्याहू के मुताबिक अभी भी ईरान के कई संवर्धन स्थल मौजूद हैं, जिन्हें नष्ट करना बाकी है। इसके अलावा हिजबुल्लाह, हमास और हूती जैसे ईरानी समर्थित समूहों को भी खत्म करना इजरायल की रणनीति का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि अगर ईरान की मौजूदा सत्ता कमजोर होती है तो उसका पूरा “प्रॉक्सी नेटवर्क” भी ढह जाएगा। इजरायली प्रधानमंत्री ने चीन पर भी आरोप लगाया कि उसने ईरान को मिसाइल निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कुछ अहम पुर्जे उपलब्ध कराए। हालांकि रूस की भूमिका को उन्होंने ज्यादा बड़ा मुद्दा नहीं बताया।नेतन्याहू ने यह भी संकेत दिया कि इजरायल आने वाले वर्षों में अमेरिकी सैन्य सहायता पर अपनी निर्भरता कम करना चाहता है। विशेषज्ञों का मानना है कि नेतन्याहू का यह इंटरव्यू ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में युद्धविराम बेहद नाजुक स्थिति में है और ईरान-अमेरिका वार्ता को लेकर नई हलचल तेज हो रही है।