Edited By Tanuja,Updated: 16 May, 2026 02:25 PM

एक रिसॉर्ट में ठहरे दोस्तों के समूह को उस समय बड़ा झटका लगा जब होटल के टॉयलेट से एक जहरीला किंग कोबरा निकल आया। पहले लोगों को लगा कि टॉयलेट जाम है, लेकिन फ्लश करने के बाद सांप का सिर बाहर आते ही अफरा-तफरी मच गई।
International Desk: एक रिसॉर्ट में छुट्टियां मनाने पहुंचे दोस्तों के समूह के लिए एक साधारण बाथरूम विजिट डरावने अनुभव में बदल गई। यह घटना फिलीपींस (Philippines) के साल्वाडोर बेनेडिक्टो (Salvador Benedicto) स्थित एक रिसॉर्ट में हुई, जो नॉर्दर्न नेग्रोस नेचुरल पार्क (Northern Negros Natural Park) के पास स्थित है। रिपोर्ट के मुताबिक पांच दोस्तों का समूह रिसॉर्ट में ठहरा हुआ था। उनमें से एक जब बाथरूम गया तो उसने टॉयलेट के पानी में कोई काली चीज देखी। शुरुआत में उसे लगा कि शायद टॉयलेट ठीक से फ्लश नहीं हुआ है। लेकिन जैसे ही उसने दोबारा फ्लश किया, सभी के होश उड़ गए। टॉयलेट पाइप के अंदर से अचानक एक बड़े सांप का सिर बाहर निकल आया।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में एक व्यक्ति सावधानी से टॉयलेट का ढक्कन उठाता दिखाई देता है और फिर एक लंबी छड़ी से सांप को हल्के से छूता है। कुछ ही सेकंड बाद सांप धीरे-धीरे बाहर निकलता है और कैमरे की दिशा में फन उठाकर जीभ निकालते हुए दिखाई देता है।
समूह के सदस्य ड्रैनरेब टियोडोसो (Dranreb Teodoso) ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि यह कोई सामान्य पानी का सांप होगा। हालांकि जब वीडियो को ऑनलाइन सरीसृप विशेषज्ञों और सांप प्रेमियों के साथ साझा किया गया, तब पता चला कि वह संभवतः King Cobra था, जिसे दुनिया के सबसे जहरीले और खतरनाक सांपों में गिना जाता है।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस इलाके में पहले भी किंग कोबरा देखे जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जांच अधिकारियों का मानना है कि संभव है यह सांप किसी अवैध कैद से भागकर वहां पहुंचा हो। वहीं कुछ अधिकारियों ने यह भी कहा कि क्षेत्र में बढ़ती गर्मी के कारण सांप ठंडी और नम जगह की तलाश में पाइपलाइन के जरिए टॉयलेट तक पहुंच गया होगा। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रिसॉर्ट प्रबंधन और वन्यजीव अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि सांप वहां कैसे पहुंचा।