Edited By Tanuja,Updated: 10 Nov, 2026 03:44 PM

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने पोलियो टीकाकरण अभियान से जुड़े तीन कर्मचारियों का अपहरण कर लिया। पिछले कुछ दिनों में कई अन्य कर्मचारियों का भी अपहरण हुआ है। इसी दौरान अभियान की सुरक्षा में तैनात दो पुलिसकर्मियों की...
Pesshawar: उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में जारी टीकाकरण अभियान के दौरान अज्ञात हथियारबंद लोगों ने पोलियो टीकाकरण से जुड़े तीन कर्मचारियों का अपहरण कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हथियारबंद लोग इन तीनों कर्मचारियों को खैबर पख्तूनख्वा के टैंक जिले से अगवा करके किसी अज्ञात जगह पर ले गए। अपहृत कर्मचारियों की पहचान मीर जनन, इकराम और खानजाला के रूप में हुई है। टैंक जिला प्रशासन ने भी अपहरण की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात हथियारबंद लोगों ने सोरघर इलाके से पोलियो टीकाकरण से जुड़े तीन कर्मचारियों को अगवा कर लिया है। खैबर पख्तूनख्वा में पोलियो टीकाकरण दलों को निशाना बनाकर किए जा रहे अपहरण और हमलों की कई घटनाओं के बीच यह वाकया सामने आया है।
टैंक जिले के शेख अत्तर इलाके से अज्ञात हथियारबंद लोगों ने दो नवंबर को चार पोलियो कर्मचारियों का अपहरण कर लिया था। वहीं, लोअर साउथ वजीरिस्तान के आजम वारसक से अगवा किए गए दो अन्य टीकाकरण कर्मियों को बाद में मुक्त कर दिया गया। खैबर जिले के जमरूद के चपरी इलाके से चार नवंबर को पोलियो अभियान के पर्यवेक्षक जलील खान का अपहरण कर लिया गया था। एक अन्य घटना में तीन नवंबर को मोहमंद जिले में पोलियो टीकाकरण टीम की सुरक्षा में तैनात दो पुलिसकर्मियों की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गया। बार-बार हो रही इन घटनाओं से पोलियो उन्मूलन के लिए देशव्यापी अभियान में जुटे अग्रिम मोर्चे के स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में कट्टरपंथी और कुछ चरमपंथी मौलाना पोलियो रोधी अभियान को धर्म के खिलाफ मानते हैं और यह गलत प्रचार करते हैं कि पोलियो की बूंदों से बच्चों में बांझपन पैदा होता है और यह मुसलमानों की आबादी को रोकने की एक विदेशी (विशेषकर पश्चिमी या CIA की) साजिश है। इस धार्मिक और वैचारिक भ्रम के चलते पाकिस्तान के कई इलाकों में पोलियो टीकाकरण टीमों और उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर लगातार आतंकवादी और चरमपंथी हमले हुए हैं, जिसमें कई स्वास्थ्यकर्मियों की जान गई है। हालांकि कई प्रमुख इस्लामी विद्वानों और उलेमा परिषदों ने पोलियो वैक्सीन को पूरी तरह शरिया-अनुकूल और बच्चों के जीवन की रक्षा के लिए आवश्यक बताया है, फिर भी ग्रामीण और कबीलाई क्षेत्रों में कट्टरपंथियों के प्रभाव के कारण अविश्वास बना हुआ है।