Edited By Ramkesh,Updated: 14 Sep, 2026 07:23 PM

दिल्ली उच्च न्यायिक सेवा (डीएचजेएस) में फेरबदल के तहत सोमवार को 28 न्यायाधीशों का तबादला किया गया। दिल्ली उच्च न्यायालय ने न्यायाधीशों के तबादले को लेकर अधिसूचना जारी की। विशेष सीबीआई न्यायाधीश सुशांत चांगोत्रा का तबादला द्वारका स्थित दक्षिण-पश्चिम...
नई दिल्ली: दिल्ली उच्च न्यायिक सेवा (डीएचजेएस) में फेरबदल के तहत सोमवार को 28 न्यायाधीशों का तबादला किया गया। दिल्ली उच्च न्यायालय ने न्यायाधीशों के तबादले को लेकर अधिसूचना जारी की। विशेष सीबीआई न्यायाधीश सुशांत चांगोत्रा का तबादला द्वारका स्थित दक्षिण-पश्चिम जिले की अदालत में कर दिया गया है। वह हरियाणा के शिकोहपुर में कारोबारी रॉबर्ट वाद्रा से जुड़े भूमि सौदे से संबंधित धनशोधन जैसे मामलों की सुनवाई कर रहे थे।
दक्षिण-पश्चिम जिले में तैनात अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एएसजे) शिवाली बंसल को नया सीबीआई विशेष न्यायाधीश बनाया गया है। राउज एवेन्यू अदालतों से जिन अन्य न्यायाधीशों का तबादला किया गया है, उनमें विशेष न्यायाधीश धीरज मोर, विशेष न्यायाधीश (पीसी अधिनियम) छवि कपूर और विशेष न्यायाधीश (पीसी अधिनियम) मनीषा खुराना कक्कड़ शामिल हैं। राउज एवेन्यू की विशेष अदालतों में नए न्यायाधीश दिव्यांग ठाकुर और सत्यव्रत पंडा होंगे। दिल्ली न्यायिक अकादमी के निदेशक (प्रशासन) मोहम्मद फर्रुख का तबादला रोहिणी में जिला न्यायाधीश (वाणिज्यिक अदालत) के पद पर किया गया है।
उच्च न्यायालय की अधिसूचना में कहा गया, ''राउज एवेन्यू कोर्ट परिसर (आरएसीसी) में विशेष न्यायाधीश (पीसी अधिनियम) (सीबीआई)-01 की अदालत समाप्त कर दी गई है, जिसकी अध्यक्षता पहले गौरव राव करते थे।'' इसमें कहा गया, ''प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश इस अदालत में लंबित मामलों को कोयला ब्लॉक मामलों की सुनवाई करने वाली अदालतों और विशेष न्यायाधीश (पीसी अधिनियम) अजय गुप्ता की अध्यक्षता वाली अदालत को छोड़कर अन्य सीबीआई अदालतों के बीच समान रूप से वितरित करेंगे।