3 बच्चों समेत 30 लोगों की डूबने से मौत, होली के दिन गुजरात में कई परिवारों पर टूटा दुखों का कहर

Edited By Updated: 05 Mar, 2026 05:24 PM

30 people including 3 children drowned in gujarat on holi

गुजरात में होली के दूसरे दिन मनाई जाने वाली धुलेटी इस साल कई परिवारों के लिए गहरा दुख लेकर आई। राज्य के अलग-अलग जिलों से तालाब, झील, नहर और नदियों में डूबने की दर्दनाक घटनाएं सामने आईं, जिनमें 3 बच्चों समेत 30 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। करीब 10...

नेशनल डेस्क : गुजरात में होली के दूसरे दिन मनाई जाने वाली धुलेटी इस साल कई परिवारों के लिए गहरा दुख लेकर आई। राज्य के अलग-अलग जिलों से तालाब, झील, नहर और नदियों में डूबने की दर्दनाक घटनाएं सामने आईं, जिनमें 3 बच्चों समेत 30 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। करीब 10 अलग-अलग जगहों पर हुए इन हादसों ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया। धुलेटी के दिन लोग रंग खेलने के बाद अक्सर नहाने के लिए जल स्रोतों की ओर जाते हैं, लेकिन कई बार यही खुशी भारी हादसे में बदल जाती है। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ, जब उत्सव का दिन कई घरों के लिए शोक में बदल गया।

कई जिलों से सामने आईं डूबने की घटनाएं

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, राज्य के कई जिलों में अलग-अलग जगहों पर डूबने की घटनाएं हुईं। अहमदाबाद शहर में 4 लोगों की मौत हुई, जबकि अहमदाबाद जिले के मांडल में 3 बच्चों की जान चली गई। सूरत जिले के बारडोली में 4, मांगरोल में 3 और किम में 3 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा महीसागर जिले में 6, अरावली में 4, मेहसाणा में 3, नर्मदा में 3 और अमरेली में 1 व्यक्ति की डूबने से मौत हुई। त्योहार के दिन इतनी बड़ी संख्या में हुई मौतों के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

साबरमती नदी में डूबे चार दोस्त

अहमदाबाद के कुबेरनगर इलाके में रहने वाले चार दोस्त पीयूष, साहिल, दुर्गेश और सनी धुलेटी के दिन साबरमती नदी में नहाने के लिए गए थे। वे कोतरपुर वॉटर वर्क्स के पीछे नदी में उतरे थे। इसी दौरान अचानक चारों गहरे पानी में फंस गए और डूबने लगे। शुरुआत में फायर ब्रिगेड को तीन युवकों के डूबने की सूचना मिली थी, लेकिन जब बचाव अभियान शुरू किया गया तो चारों के शव बरामद हुए। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई और परिवारों में मातम छा गया।

महीसागर की झील में चार युवकों की मौत

महीसागर जिले के कोठंबा इलाके में भी धुलेटी के दिन एक बड़ा हादसा हुआ। राघवाना मुवाड़ा के पास नाका झील में नहाने गए चार युवकों की डूबने से मौत हो गई। ये सभी युवक कंतार गांव के रहने वाले थे और त्योहार मनाने के बाद झील में नहाने पहुंचे थे। झील का पानी काफी गहरा होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलने पर दमकलकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद चारों के शव झील से बाहर निकाले गए। इस घटना ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया।

बच्चों और युवकों की मौत से गांवों में पसरा मातम

अहमदाबाद जिले के मांडल तालुका के सीतापुर गांव में झोलासर झील में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। धुलेटी खेलने के बाद बच्चे झील में नहाने पहुंचे थे, लेकिन अचानक गहरे पानी में चले गए। इसी तरह सूरत के किम इलाके में नदी में नहाने गए तीन युवक भी डूब गए। मांगरोल में एक युवक को बचाने के प्रयास में उसका भाई और एक अन्य व्यक्ति भी नदी में कूद गए, लेकिन तीनों ही डूब गए। वहीं बारडोली की मिंढोला नदी में भी चार युवकों की जान चली गई। इन लगातार हादसों ने कई गांवों और परिवारों में खुशियों की जगह गहरा मातम फैला दिया।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!