Edited By Tanuja,Updated: 04 Mar, 2026 07:52 PM

वेस्ट एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण Emirates ने दुबई से आने-जाने वाली सभी निर्धारित उड़ानों को 7 मार्च तक निलंबित कर दिया है। क्षेत्रीय एयरस्पेस बंद होने के चलते सीमित उड़ानें ही संचालित होंगी। यात्रियों को एयरपोर्ट न आने की सलाह दी गई है।
International Desk: अमेरिका-इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई में ईरान के सर्वोच्च नेता Ali Khamenei की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर है। वेस्ट एशिया में तेज़ होते सैन्य टकराव का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा पर पड़ा है। दुबई स्थित प्रमुख एयरलाइन Emirates ने 7 मार्च तक सभी निर्धारित उड़ानें निलंबित करने की घोषणा की है। एयरलाइन ने कहा क्षेत्रीय एयरस्पेस बंद होने के कारण उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। सीमित शेड्यूल के तहत कुछ फ्लाइट्स संचालित होंगी और केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी। एयरलाइन ने यात्रियों को बिना सूचना के एयरपोर्ट न आने की सलाह दी है। एयरलाइन ने दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एयर अरेबिया ने भी रोकी सेवाएं
Air Arabia ने भी 9 मार्च दोपहर 3 बजे (UAE समय) तक अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित करने की घोषणा की है। कुछ सीमित उड़ानें संबंधित अधिकारियों की अनुमति से चलाई जा रही हैं। ईरान ने कई अरब देशों में ड्रोन और मिसाइल हमले किए और अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इजरायल ने लेबनान में Hezbollah के ठिकानों पर हमले तेज किए। दुबई मध्य पूर्व का प्रमुख ट्रांजिट हब है। यहां उड़ानें रद्द होने से एशिया, यूरोप और अमेरिका के बीच यात्रा और कार्गो सप्लाई चेन पर बड़ा असर पड़ सकता है।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
- ईमेल नोटिफिकेशन नियमित जांचें
- फ्लाइट स्टेटस की पुष्टि करें
- एयरलाइन से संपर्क के बिना एयरपोर्ट न जाएं