Edited By Rohini Oberoi,Updated: 09 Feb, 2026 12:00 PM

उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में रविवार की रात एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला जहां एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे पैदल चल रही आठ लड़कियों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयावह हादसे में चार...
Hit and Run Raebareli : उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में रविवार की रात एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला जहां एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे पैदल चल रही आठ लड़कियों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयावह हादसे में चार युवतियों की जान चली गई है जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रसाद लेकर घर लौट रही थीं मासूम
हादसा जगतपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली गांव के पास हुआ। कोडर गांव की रहने वाली ये लड़कियां पास के चुली गांव में आयोजित एक सामुदायिक भोज (भंडारे) में शामिल होने गई थीं। रात में जब वे प्रसाद लेकर पैदल ही एक्सप्रेसवे के रास्ते घर लौट रही थीं तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों और घायलों का विवरण
-
मौके पर दम तोड़ा: हिमांशी (23 वर्ष) और शालिनी (22 वर्ष)।
-
अस्पताल में मौत: रश्मी (14 वर्ष) और आसमा (22 वर्ष)।
-
गंभीर घायल: रिया पटेल (14), प्रिया पटेल (12), साधना (9), मीना (22) और रेशमा (14) का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रशासनिक मुस्तैदी और पुलिस कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (DM) हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक (SP) रवि कुमार तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कार को जब्त कर लिया गया है। चालक हादसे के बाद गाड़ी छोड़कर फरार हो गया जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। प्रशासन ने घायलों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
इस हादसे ने निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं:
-
परिवहन की अनुमति: जब एक्सप्रेसवे अभी निर्माणाधीन है और पूरी तरह तैयार नहीं है, तो वहां तेज रफ्तार वाहनों को प्रवेश कैसे मिला?
-
पैदल यात्रियों का खतरा: स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक्सप्रेसवे पर पैदल यात्रियों को रोकने या सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।
परिजनों के चीख-पुकार से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान हुई इस सुरक्षा चूक के लिए कौन जिम्मेदार है।