Edited By Pardeep,Updated: 01 Aug, 2026 10:38 PM

बिहार के सुपौल जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक विशालकाय मगरमच्छ को अपने कंधे पर लादकर सीधे पुलिस थाने पहुंच गया। इस अनोखे और साहसी कारनामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग दांतों तले...
नेशनल डेस्क: बिहार के सुपौल जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक विशालकाय मगरमच्छ को अपने कंधे पर लादकर सीधे पुलिस थाने पहुंच गया। इस अनोखे और साहसी कारनामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग दांतों तले उंगलियां दबा रहे हैं।
धान के खेत में मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, यह घटना भीमनगर थाना क्षेत्र के लालपुर वार्ड-14 की है। शुक्रवार को यहां किसान जब धान के खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक एक विशाल मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ को देखते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हिम्मत दिखा युवक ने मगरमच्छ को कंधे पर उठाया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले तो ग्रामीण घबरा गए, लेकिन फिर कुछ युवकों ने सूझबूझ का परिचय दिया और मगरमच्छ को रस्सी से बांधकर काबू में कर लिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वीरपुर वन विभाग को दी, लेकिन वहां से तुरंत रिस्पांस नहीं मिलने पर युवकों ने खुद ही कदम उठाने का फैसला किया। एक साहसी युवक ने मगरमच्छ के मुंह को रस्सी से बांधा और उसे अपने कंधे पर उठाकर भीमनगर थाना ले आया।
कोसी नदी में सुरक्षित छोड़ा गया
थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। जिसके बाद टीम ने थाने पहुंचकर मगरमच्छ का कब्जा लिया। जांच में मगरमच्छ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। जिसकी लंबाई करीब 4 फीट 16 इंच बताई गई है। विभागीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास कोसी नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया है।