Edited By Parveen Kumar,Updated: 08 Apr, 2026 08:18 PM

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मैच प्लेइंग कंडीशंस को और सख्त कर दिया है। नए निर्देशों के तहत अब मैच के दौरान प्लेइंग इलेवन से बाहर रहने वाले खिलाड़ियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।...
नेशनल डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मैच प्लेइंग कंडीशंस को और सख्त कर दिया है। नए निर्देशों के तहत अब मैच के दौरान प्लेइंग इलेवन से बाहर रहने वाले खिलाड़ियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
मैदान के आसपास घूमने पर सख्त पाबंदी
बीसीसीआई के नए दिशानिर्देशों के मुताबिक, अब बेंच पर बैठे खिलाड़ी मैच के दौरान मैदान या बाउंड्री के आसपास बिना अनुमति नहीं घूम सकेंगे। केवल मैच के लिए नामित 16 खिलाड़ियों को ही जरूरी कार्यों-जैसे ड्रिंक्स ले जाना या संदेश पहुंचाना-के लिए मैदान में प्रवेश की अनुमति होगी। पहले यह देखा जाता था कि रिजर्व खिलाड़ी भी अक्सर इन कार्यों के लिए मैदान में आते-जाते थे, लेकिन अब इस पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
बाउंड्री के पास सिर्फ 5 खिलाड़ियों को अनुमति
नए नियमों के अनुसार, बाउंड्री रोप के आसपास अधिकतम पांच खिलाड़ी ही मौजूद रह सकेंगे, और ये भी उन्हीं 16 नामित खिलाड़ियों में शामिल होंगे। बाकी सभी खिलाड़ियों को डगआउट में ही बैठना होगा। उन्हें बाउंड्री लाइन और एलईडी विज्ञापन बोर्ड्स के बीच जाने की इजाजत नहीं होगी।
पुराने नियमों को किया गया और सख्त
आईपीएल में आमतौर पर एक टीम के पास 25 खिलाड़ियों का स्क्वॉड होता है, जिसमें से 16 खिलाड़ियों के नाम मैच के लिए चुने जाते हैं। बीसीसीआई ने मैच प्लेइंग कंडीशंस (MPC) की धारा 11.5.2 और 24.1.4 को और सख्त बनाते हुए इन नियमों को लागू किया है। पहले भी ड्रिंक्स ले जाने और मैदान में मौजूद रहने को लेकर दिशा-निर्देश थे, लेकिन अब इनके पालन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
टीमों को जारी किए गए स्पष्ट निर्देश
सूत्रों के मुताबिक, सभी फ्रेंचाइज़ी टीमों को हाल ही में यह निर्देश दिए गए हैं कि सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी मैदान के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं घूम सकते। केवल अधिकृत खिलाड़ी ही सीमित कार्यों के लिए मैदान में आ सकेंगे। इससे मैच के दौरान अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।