Edited By Ramkesh,Updated: 16 Aug, 2026 07:31 PM

अभिनेता एस. देवन ने रविवार को यहां कनाचिकुलंगरा देवी मंदिर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के उपाध्यक्ष पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की। उन्होंने मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में...
केरल: अभिनेता एस. देवन ने रविवार को यहां कनाचिकुलंगरा देवी मंदिर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के उपाध्यक्ष पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की। उन्होंने मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में अपने भाषण के समापन के दौरान यह घोषणा की।
कार्यक्रम में नारायण धर्म परिपालन योगम के महासचिव वेल्लापल्ली नटेशन और भाजपा नेता बी. राधाकृष्ण मेनन भी मौजूद थे। देवन ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत केरल पीपुल्स पार्टी बनाकर की थी। वर्ष 2020 में इसका नाम बदलकर नव केरल पीपुल्स पार्टी कर दिया गया। वर्ष 2021 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद उन्होंने अपनी पार्टी का भाजपा में विलय कर दिया था। इसके बाद देवन को भाजपा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने 2004 और 2006 में चुनाव लड़ा था लेकिन दोनों बार हार गए। देवन ने कहा कि वह ऐसी राजनीति की कल्पना करते हैं, जिसमें दार्शनिक नारायण गुरु के आदर्शों, विचारधारा और कार्यक्रमों को अपनाया जाए। उन्होंने कहा, "भाजपा में रहते हुए इन पांच वर्षों तक काम करने के बाद मैं ऐसा नहीं कर सका। मुझे महसूस हुआ कि मेरा रास्ता अलग है। इसी आधार पर मैंने चार-पांच महीने पहले कुछ फैसले लिए।" देवन ने कहा कि आत्ममंथन के बाद उन्होंने शनिवार को अपने फैसले को अंतिम रूप दिया।
उन्होंने अपने भाषण के समापन पर कहा, "मैंने उपाध्यक्ष पद के साथ-साथ भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा देने के लिए अपना त्यागपत्र लिख दिया है।" भाजपा नेता बी. राधाकृष्ण मेनन ने देवन द्वारा मंदिर के कार्यक्रम में इस्तीफे की घोषणा किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि देवन ने 2047 तक भारत को दुनिया में अग्रणी बनाने के भाजपा के प्रयासों का हिस्सा नहीं बनने का फैसला क्यों किया। लेकिन मुझे लगता है कि इस फैसले के पीछे की वजह बताने के लिए यह उचित मंच नहीं था।