Edited By Parveen Kumar,Updated: 17 Aug, 2026 06:58 PM

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में कई पुराने नेताओं को बरकरार रखा गया है, जबकि कुछ नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। खास बात यह है कि पार्टी...
नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में कई पुराने नेताओं को बरकरार रखा गया है, जबकि कुछ नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। खास बात यह है कि पार्टी ने तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों को भी संगठन में अहम भूमिका दी है। इन नेताओं में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब शामिल हैं। तीनों नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं।
वसुंधरा राजे और तीरथ सिंह रावत बने उपाध्यक्ष
BJP की नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। वसुंधरा राजे को पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर बरकरार रखा है। बैजयंत जय पांडा और रेखा वर्मा को भी उपाध्यक्ष पद पर बनाए रखा गया है।
नितिन नबीन की टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, नितिन नबीन की नई टीम में कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इनमें राम माधव, लोकसभा सांसद डी. पुरंदेश्वरी और तीरथ सिंह रावत समेत कई प्रमुख नेता शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
स्मृति ईरानी और बिप्लब देब को महामंत्री की जिम्मेदारी
BJP ने बीएल संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बरकरार रखा है। वहीं आठ राष्ट्रीय महामंत्रियों की टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को शामिल किया गया है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल उन दो राष्ट्रीय महामंत्रियों में शामिल हैं, जिन्हें नई टीम में भी जिम्मेदारी दी गई है।
16 राष्ट्रीय मंत्रियों की टीम में कई नए चेहरे
BJP ने अलग-अलग राज्यों से 16 राष्ट्रीय मंत्रियों की टीम भी बनाई है। इसमें कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज टिग्गा समेत कई नए चेहरों को जगह दी गई है। पार्टी ने संगठन में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने की कोशिश की है, ताकि अलग-अलग राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूत किया जा सके।
2027 के विधानसभा चुनावों पर BJP की नजर
BJP की नई राष्ट्रीय टीम का गठन ऐसे समय हुआ है जब पार्टी की नजर 2027 में होने वाले कई अहम विधानसभा चुनावों पर है। अगले साल उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और गोवा समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं।
ऐसे में नई टीम की बड़ी जिम्मेदारी केंद्रीय संगठन और राज्यों की पार्टी इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल बनाने की होगी। पार्टी संगठन को आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए तैयार करने और जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने पर जोर दे सकती है।