Edited By Pardeep,Updated: 16 Jul, 2026 08:49 PM

हम अक्सर अपने फोन पर आने वाली 'मिस्ड कॉल' को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन भारतीय मूल के एक युवा इंजीनियर ने इसी साधारण सी दिखने वाली समस्या को 8,300 करोड़ रुपये (1 बिलियन डॉलर) के बिजनेस में बदल दिया है। अपूर्व श्रीवास्तव, जिन्होंने अपनी सूझबूझ और...
नेशनल डेस्कः हम अक्सर अपने फोन पर आने वाली 'मिस्ड कॉल' को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन भारतीय मूल के एक युवा इंजीनियर ने इसी साधारण सी दिखने वाली समस्या को 8,300 करोड़ रुपये (1 बिलियन डॉलर) के बिजनेस में बदल दिया है। अपूर्व श्रीवास्तव, जिन्होंने अपनी सूझबूझ और तकनीकी कौशल से 'अवोका' (Avoca) नाम की कंपनी खड़ी की है, आज दुनिया भर के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं।
MIT में रखी गई सफलता की नींव
अपूर्व की इस कामयाबी का सफर दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित संस्थान, मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) से शुरू हुआ। वहां कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई के दौरान उन्होंने कोडिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बारीकियों को समझा। दिलचस्प बात यह है कि उनकी मुलाकात अपने बिजनेस पार्टनर टायसन चेन से एक 'पोकर नाइट' के दौरान हुई थी। दोनों ने महसूस किया कि अपनी तकनीकी जानकारी से वे दुनिया की एक वास्तविक समस्या को हल कर सकते हैं और साल 2022 में 'अवोका' की शुरुआत हुई।
बचपन के अनुभवों से आया बड़ा आइडिया
इस स्टार्टअप का विचार अपूर्व को अपने बचपन के अनुभवों से मिला। मिशिगन में उनके माता-पिता एक छोटा बिजनेस चलाते थे। अपूर्व ने देखा कि जब भी कोई ग्राहक कॉल करता और वह मिस हो जाती, तो ग्राहक तुरंत किसी दूसरे दुकानदार के पास चला जाता था। उनके दोस्त टायसन की मां के क्लिनिक में भी यही समस्या थी। उन्होंने महसूस किया कि छोटे व्यवसायों के लिए एक मिस्ड कॉल का मतलब हजारों रुपये का नुकसान है।
इंसानों की तरह बात करता है यह 'AI वॉइस एजेंट'
अपूर्व की कंपनी 'अवोका' ऐसे आधुनिक AI वॉइस एजेंट्स बनाती है जो हूबहू इंसानों की तरह बात करते हैं। यह तकनीक विशेष रूप से प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन और मैकेनिक जैसे घरेलू कामकाजी क्षेत्रों के लिए वरदान साबित हो रही है। जैसे ही कोई ग्राहक फोन करता है, यह एआई तुरंत जवाब देता है, लाइव कैलेंडर चेक करके अपॉइंटमेंट बुक करता है और ग्राहकों को फॉलो-अप भी भेजता है।
छात्रों के लिए बड़ी सीख
आज अपूर्व की कंपनी की वैल्यू 8,300 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है। उनकी कहानी यह सिखाती है कि यदि आपके पास अच्छी शिक्षा हो और आप अपने आस-पास की छोटी समस्याओं को तकनीकी नजरिए से देखें, तो आप भी बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।