Edited By Pardeep,Updated: 03 Aug, 2026 10:31 PM

कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से गुजर रही एक गर्भवती महिला ने सोमवार को जिला अस्पताल में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया।
नेशलन डेस्कः कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से गुजर रही एक गर्भवती महिला ने सोमवार को जिला अस्पताल में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने मीडिया को बताया कि दिल्ली की रहने वाली गर्भवती महिला नेहा कांवड़ यात्रा पर निकली थी और इसी बीच मुजफ्फरनगर में प्रसव पीड़ा शुरू होने पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। कुमार ने बताया कि प्रसूता और उसके दोनों बच्चे स्वस्थ हैं।
अस्पताल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार प्रसूता महिला को शुभकामनाएं देते हुए कह रहे हैं, ''हम आपके बच्चों का नामकरण भी कर रहे हैं, क्या आप स्वीकार कर रही हैं? हम उन्हें गणेश और कार्तिक नाम से जानना चाहते हैं। ऐसा ठीक रहेगा? आपकी सहमति आवश्यक है ना।'' इस बीच, महिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. मुरली भास्कर ने मीडिया को बताया, "नेहा ने सोमवार पूर्वाह्न 11:19 बजे अपने पहले बेटे को जन्म दिया, जबकि दूसरे बेटे का जन्म दो मिनट बाद पूर्वाह्न 11:21 बजे हुआ।''
डॉक्टर भास्कर ने बताया, ''दोनों बच्चों का जन्म सामान्य प्रसव से हुआ, लेकिन समय से पहले पैदा होने के कारण उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। चिकित्सकों ने तुरंत दोनों नवजातों को एसएनसीयू में भर्ती कराया और इलाज शुरू किया।'' उन्होंने बताया, ''विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में अब दोनों बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है। बच्चों की मां नेहा की सेहत भी स्थिर है।"
उन्होंने बताया कि मां की सहमति से एसएसपी ने नवजात बेटों का नाम भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय के नाम पर रखा। सीएमएस ने यह भी बताया कि महिला के पति अनुराग से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। उन्होंने बताया कि इसके बाद, महिला द्वारा दिए गए उसकी बहन के मोबाइल नंबर के जरिए संपर्क किया गया और उसकी बहन मेरठ के पास रहती है और परिवार को इस घटना की जानकारी दे दी गई है।