Edited By Rohini Oberoi,Updated: 10 Nov, 2025 01:45 PM

फिल्म अभिनेता अभिषेक बच्चन के लिए यह एक बेहद दुखद खबर है। उनके मेकअप दादा (मेकअप मैन) अशोक सावंत का निधन हो गया है। अशोक सावंत 27 सालों से अभिषेक बच्चन के साथ जुड़े थे ठीक उनकी पहली फिल्म से ही। अभिषेक बच्चन ने अशोक सावंत के निधन पर गहरा दुख व्यक्त...
नेशनल डेस्क। फिल्म अभिनेता अभिषेक बच्चन के लिए यह एक बेहद दुखद खबर है। उनके मेकअप दादा (मेकअप मैन) अशोक सावंत का निधन हो गया है। अशोक सावंत 27 सालों से अभिषेक बच्चन के साथ जुड़े थे ठीक उनकी पहली फिल्म से ही। अभिषेक बच्चन ने अशोक सावंत के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें पारिवारिक सदस्य बताया और इंस्टाग्राम पर उनके साथ की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए एक भावुक श्रद्धांजलि लिखी है।
'वो मेरी पहली फिल्म से ही मेरा मेकअप कर रहे थे'
इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें शेयर करते हुए अभिषेक बच्चन ने अपने और अशोक दादा के रिश्ते की गहराई बताई:
27 साल का साथ: अभिषेक ने लिखा, "अशोक दादा और मैंने साथ में 27 साल काम किया। वो मेरी पहली फिल्म से ही मेरा मेकअप कर रहे थे।"
पारिवारिक रिश्ता: जूनियर बच्चन ने बताया कि अशोक दादा सिर्फ उनकी टीम का हिस्सा नहीं थे बल्कि "वो मेरे परिवार का हिस्सा थे।"
पारिवारिक विरासत: उन्होंने यह भी बताया कि अशोक दादा के बड़े भाई दीपक सावंत करीब 50 साल तक उनके पिता (अमिताभ बच्चन) के मेकअप मैन रहे थे।
बीमारी के बावजूद सेट पर आते थे अशोक दादा
अभिषेक ने बताया कि पिछले कुछ सालों से अशोक दादा बीमार रहा करते थे इसलिए हमेशा उनके साथ सेट पर नहीं रह पाते थे। अभिषेक ने याद करते हुए लिखा, "पर जब भी मैं शूटिंग करता था ऐसा कोई दिन नहीं रहा होगा जब वो मुझसे मिलने न आए हों।" वह उनके असिस्टेंट द्वारा किए जा रहे मेकअप का भी पूरा खयाल रखते थे। अभिषेक ने अशोक सावंत को "सबसे प्यारे, नेक और मिलनसार इंसान" बताया, जिनके चेहरे पर हमेशा एक मुस्कुराहट रहती थी। वह हमेशा गर्मजोशी से मिलते थे और अपने बैग में नमकीन चिवड़ा या भाकरवड़ी ज़रूर रखा करते थे।
हर शॉट से पहले छूते थे पैर
अभिषेक बच्चन ने बताया कि उनके और अशोक दादा के बीच एक भावनात्मक परंपरा थी। अभिषेक ने लिखा, "मैं किसी भी नए फिल्म का पहला शॉट जब देता था, वो पहले शख्स होते थे जिनके पैर छूकर मैं आशीर्वाद लिया करता था।"
उन्होंने बेहद भावुक होते हुए लिखा, "ये सोचने भर से ही दिल टूट जा रहा है कि मैं काम पर जाऊंगा और पता चलेगा कि आप मेरे साथ नहीं हैं।" अभिषेक ने अशोक सावंत के प्यार, खयाल रखने, टैलेंट और मुस्कुराहट के लिए शुक्रिया अदा किया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। अभिषेक बच्चन ने इस दुखद खबर को साझा करते हुए कहा कि बीती रात हमने उन्हें खो दिया।