अमित शाह ने हिंदी दिवस की दी शुभकामनाएं, कहा- हिंदी का प्रत्येक भारतीय भाषा से है अटूट रिश्ता

Edited By Updated: 14 Sep, 2024 11:29 AM

amit shah hindi has an unbreakable relationship with every indian language

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हिंदी दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि राजभाषा हिंदी का हर भारतीय भाषा के साथ अटूट रिश्ता है। शाह ने कहा कि सभी भारतीय भाषाएं देश का गौरव और विरासत हैं और इन्हें समृद्ध किए बिना देश आगे...

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हिंदी दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि राजभाषा हिंदी का हर भारतीय भाषा के साथ अटूट रिश्ता है। शाह ने कहा कि सभी भारतीय भाषाएं देश का गौरव और विरासत हैं और इन्हें समृद्ध किए बिना देश आगे नहीं बढ़ सकता।
 

अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा , ‘‘समस्त देशवासियों को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।'' उन्होंने कहा, ‘‘सभी भारतीय भाषाएं हमारा गौरव भी हैं और विरासत भी, जिन्हें समृद्ध किए बिना हम आगे नहीं बढ़ सकते। राजभाषा हिंदी का हर भारतीय भाषा के साथ अटूट रिश्ता है। इस साल हिंदी भाषा ने देश की राजभाषा के रूप में जनसंवाद व राष्ट्रीय एकता के 75 वर्ष पूरे किए हैं।'' शाह ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि सभी भारतीय भाषाओं को एक साथ लेकर राजभाषा हिंदी विकसित भारत के संकल्प को चरितार्थ करने की दिशा में निरंतर अपना योगदान देती रहेगी।''
 


हिंदी उन भाषाओं में शुमार है, जो दुनिया में सबसे ज्यादा बोली और समझी जाती है। महात्मा गांधी ने कहा था कि हिंदी जनमानस की भाषा है और उन्होंने इसे राष्ट्रभाषा बनाने की सिफारिश भी की थी। हिंदी को 14 सितंबर 1949 को राजभाषा का दर्जा दिया गया, लिहाजा इस दिन को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। संविधान सभा ने देवनागरी लिपि वाली हिंदी के साथ ही अंग्रेजी को भी आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार किया। वर्ष 1949 में आज ही के दिन संविधान सभा ने हिंदी को भारत की राजभाषा घोषित किया। हालांकि, पहला हिंदी दिवस 14 सितंबर 1953 को मनाया गया। 

ये भी पढ़ें....
- छी!! जूस में पेशाब म‍िलाकर बेच रहा था शख्‍स, रंगे हाथों पकड़ा, ग्राहकों ने की जमकर पिटाई

देश-दुनिया के इतिहास में 14 सितंबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 
1770 : डेनमार्क में प्रेस की स्वतंत्रता को मान्यता मिली। 
1833 : विलियम वेंटिक, पहले गवर्नर जनरल के तौर पर भारत आए। 
1917 : रूस को आधिकारिक तौर पर गणतंत्र घोषित किया गया। 
1949 : संविधान सभा ने हिंदी को भारत की आधिकारिक भाषा का दर्जा दिया। 
1959 : सोवियत संघ का अंतरिक्ष यान पहली बार चंद्रमा की सतह पर उतरा। 
1960 : खनिज तेल उत्पादक देशों ने मिलकर ओपेक की स्थापना की। 
1998 : माइक्रोसॉफ्ट, जनरल इलेक्ट्रिक को पीछे छोड़कर दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी बनी।
 2000 : प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अमेरिकी सीनेट के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को सम्बोधित किया।
 2001 : अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी ओसामा बिन लादेन को पकड़ने के अभियान के लिए अमेरिका में 40 अरब डॉलर मंजूर किए गए।
 2007 : जापान ने तानेगाशिया स्थित प्रक्षेपण केन्द्र से पहला चन्द्र उपग्रह एच-2ए प्रक्षेपित किया।
 2008 : रूस के पेर्म हवाई अड्डे पर एअरोफ़्लोत का विमान दुर्घटनाग्रस्त। विमान में सवार सभी 88 लोगों की मौत। 
2009 : भारत के लिएंडर पेस और चेक गणराज्य के लुकास लोही ने महेश भूपति और मार्क नोल्स की जोड़ी को हराकर यू. एस. ओपन के पुरुष युगल का खिताब जीता। 
2016 : पैरा ओलंपिक खेलों में भारत के पदकों का आंकड़ा चार पर पहुंचा।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!