Edited By Anu Malhotra,Updated: 24 Sep, 2026 11:15 AM

टीवी शो 'भाबीजी घर पर हैं' में नज़र आ चुके अभिनेता ईश्वर ठाकुर इस समय गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। पैर में हुई चोट में इंफेक्शन फैलने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें ठाणे के एक अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है। उनकी...
मुंबई: टीवी शो 'भाबीजी घर पर हैं' में नज़र आ चुके अभिनेता ईश्वर ठाकुर इस समय गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। पैर में हुई चोट में इंफेक्शन फैलने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें ठाणे के एक अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है। उनकी बहन जयश्री ने आर्थिक मदद के लिए भावुक अपील की है, क्योंकि परिवार के लिए इलाज का बढ़ता खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है।
जयश्री ने अपने भाई को जानने वालों के साथ एक वीडियो शेयर किया है और इस मुश्किल समय में मदद मांगी है। मीडिया से बातचीत के दौरान जयश्री ने बताया कि ईश्वर के पैर में कुछ समय पहले चोट लगी थी, जो धीरे-धीरे काफी बढ़ गई। अब यह इंफेक्शन उनके पूरे शरीर में फैल चुका है, जिसके चलते उन्हें आईसीयू में रखना पड़ा है।
जयश्री के मुताबिक, परिवार के पास अब अस्पताल के बिल चुकाने तक के पैसे नहीं बचे हैं। उन्होंने कहा, "हमारे पास इलाज के लिए अब पैसे नहीं बचे हैं। पिछली बार जब ईश्वर बीमार पड़े थे, तब फिल्म इंडस्ट्री के दोस्तों ने काफी मदद की थी और हमारी बची हुई जमा पूंजी भी उसी में खर्च हो गई थी। अब एक बार फिर हमारे सामने संकट खड़ा हो गया है।"
अपने वीडियो संदेश के ज़रिए जयश्री को उम्मीद है कि दोस्त, साथी कलाकार और शुभचिंतक आर्थिक मदद करेंगे ताकि परिवार ईश्वर का इलाज जारी रख सके।
वहीं, जब एक्ट्रेस टीना घई से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्होंने दोस्तों से ठाकुर की मदद के लिए आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा, "मैं उनकी मदद के लिए जो कुछ भी कर सकती हूं, करती हूं।" टीना घई ने सुधीर दलवी के लिए भी फंड इकट्ठा करके मदद की थी।