Edited By Prachi Sharma,Updated: 22 Sep, 2026 02:40 PM

Dipika Kakar : ससुराल सिमर का से घर-घर में पहचान बनाने वाली टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ ने लंबे समय बाद कैमरे के सामने वापसी की है। पिछले करीब डेढ़ साल से कैंसर के इलाज और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना कर रही दीपिका ने हाल ही में अपने एक्टिंग...
Dipika Kakar : ससुराल सिमर का से घर-घर में पहचान बनाने वाली टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ ने लंबे समय बाद कैमरे के सामने वापसी की है। पिछले करीब डेढ़ साल से कैंसर के इलाज और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना कर रही दीपिका ने हाल ही में अपने एक्टिंग कमबैक को लेकर खुलकर बात की। हालांकि, वापसी के बीच एक्ट्रेस ने यह भी साफ़ किया कि फ़िलहाल उनके लिए टीवी सीरियल्स में नियमित रूप से काम करना आसान नहीं है।
म्यूजिक वीडियो से करने जा रही हैं वापसी
दीपिका कक्कड़ के फैंस का लंबे समय से चला आ रहा इन्तजार अब खत्म होने वाला है। टीवी की मशहूर सिमर जल्द ही अपने पति शोएब के साथ एक नए म्यूजिक वीडियो में दिखाई देंगी। दीपिका के इस कमबैक की खबर सामने आते ही उनके चाहने वालों के बीच ख़ुशी की लहर दौड़ गई है। फैंस एक्ट्रेस को दोबारा स्क्रीन पर देखने और उनके नए प्रोजेक्ट्स की झलक पाने के लिया काफी उत्साहित हैं।
सेहत की वजह से नहीं कर सकतीं रोज शूट
टीवी पर वापसी को लेकर दीपिका कक्कड़ ने बताया कि यह म्यूजिक वीडियो उनके लिए इसलिए आसान रहा क्योंकि इसकी शूटिंग महज एक दिन में पूरी हो गई। उन्होंने कहा कि सुबह शूट के लिए जाना और काम खत्म होने के बाद वापस घर आ जाना उनके लिए काफी सुविधाजनक था। इस प्रोजेक्ट में लंबे समय तक शूटिंग करने या व्यस्त और थकाऊ शेड्यूल का हिस्सा बनने की जरुरत नहीं पड़ी इसलिए वह इसे अपनी मौजूदा स्थिति के साथ आसानी से संभाल सकीं।

ऐसी बीमारी में मुझे कौन काम देगा ?
कैंसर के इलाज के दौरान दीपिका कक्कड़ ने अपने करियर को लेकर चिंता और निराशा भी जाहिर की। उन्होंने बताया कि मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति में उनके
लिए हर दिन सेट पर जाकर कई घंटों तक लगातार काम करना आसान नहीं है। भावुक होते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि उनका इलाज अभी जारी है और इसके चलते होने वाले साइड इफेक्ट्स से भी उन्हें गुजरना पड़ता है। ऐसे में उन्हें खुद यह चिंता सताती है कि इस परिस्थिति में कोई उन्हें नियमित टीवी सीरियल के लिए कैसे कास्ट करेगा।

टीवी पर नहीं कर सकतीं लगातार काम
दीपिका कक्कड़ के फैंस को उम्मीद थी कि उनके कमबैक के बाद वह जल्द ही डेली सोप में नजर आ सकती है लेकिन एक्ट्रेस ने फ़िलहाल ऐसी किसी संभावना से इनकार किया है। दीपिका ने कहा कि वह अपनी मौजूदा परिस्थितियों को अच्छी तरह समझती हैं और उन्हें पता है कि इलाज के साथ रोजाना फुल-टाइम टीवी सीरियल करने के लिए अभी संभव नहीं है।
सेहत से जंग लड़ रही हैं दीपिका
दीपिका कक्कड़ ने पिछले साल अपने ब्लॉग के जरिए ही अपने फैंस को अपनी बीमारी की जानकारी दी थी। पिछले डेढ़ साल से एक्ट्रेस लिवर कैंसर के इलाज से गुजर रही हैं और इस दौरान उन्हें कई साइड इफेक्ट्स का भी सामना करना पड़ा। इस मुश्किल समय में भी दीपिका ने अपने पल-पल की रिपोर्ट्स फैंस के साथ शेयर की थी।