Edited By Anu Malhotra,Updated: 29 May, 2026 09:13 AM

पीलीभीत में बिलसंडा नगर पंचायत के अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता डीके गुप्ता के चचेरे भाई पप्पू गुप्ता (48) की बृहस्पतिवार देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, पप्पू गुप्ता अपने पड़ोसी व्यापारी...
नेशनल डेस्क: पीलीभीत में बिलसंडा नगर पंचायत के अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता डीके गुप्ता के चचेरे भाई पप्पू गुप्ता (48) की वीरवार देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, पप्पू गुप्ता अपने पड़ोसी व्यापारी मित्र पंकज को पिटता देख उन्हें बचाने गए थे। इसी दौरान हमलावरों में से एक ने पप्पू गुप्ता के सीने में गोली मार दी। गोली लगने के बाद पप्पू गुप्ता सड़क पर गिर पड़े और लगभग 15 मिनट तक तड़पते रहे, लेकिन लोग वीडियो बनाते रहे और उन्हें बचाने कोई नहीं आया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस के सहयोग से परिवार ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें बरेली रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक (SP) सुकीर्ति माधव ने बताया कि हमलावरों की खोज के लिए पांच टीम बनाई गई हैं। यह घटना बिलसंडा थाना क्षेत्र के वमरौली तिराहे की है। पुलिस के अनुसार बिलसंडा कस्बा निवासी पंकज कटियार साइकिल कारोबारी हैं। पंकज का उनकी पत्नी शीतल से लंबे समय से विवाद था। दोनों की शादी दिसंबर, 2023 में हुई थी। शीतल शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र के मुकरमपुर गांव की रहने वाली है। पंकज ने पुलिस को बताया कि पत्नी ने उनके विरुद्ध दहेज और प्रताड़ना से जुड़ा मामला दर्ज कराया था।
वीरवार देर शाम शीतल के पिता रामनाथ कृपाल, विमल, रितेश और अन्य लोग दो मोटरसाइकिल से बिलसंडा पहुंचे और पंकज के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पंकज के साथ मारपीट की सूचना पाकर बगल के दुकानदार कपड़ा कारोबारी पप्पू गुप्ता व्यापारी मित्र को बचाने पहुंचे। सुकीर्ति माधव ने बताया कि हमलावरों की तलाश में एसओजी, अपराध शाखा, सर्विलांस, स्थानीय पुलिस समेत पुलिस की पांच टीम गठित की गई है। ये सभी टीम हत्या के आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। कस्बे में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।