कर्नाटक: सिद्धारमैया ने CM पद से दिया इस्तीफा, कहा - आलाकमान ने जो कहा, वही किया

Edited By Updated: 28 May, 2026 03:22 PM

karnataka siddaramaiah resigns from the post of cm

कर्नाटक में राजनीति हलचल के बीच सिद्धारमैया ने इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देते हुए उन्होंने कहा कि आलाकमान ने जो कहा वो किया। उन्होंने राज्यपाल के सचिव को अपना इस्तीफा सौंपा।

नेशनल डेस्क: कर्नाटक में राजनीति हलचल के बीच सिद्धारमैया ने इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देते हुए उन्होंने कहा कि आलाकमान ने जो कहा वो किया। उन्होंने राज्यपाल के सचिव को अपना इस्तीफा सौंपा।

 कर्नाटक के कानून मंत्री एच.के. पाटिल ने बृहस्पतिवार को कहा मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने उन्हें और अन्य मंत्रियों को पद छोड़ने के अपने फैसले से अवगत कराया और यह भी बताया कि उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री होंगे।

संसदीय कार्य मंत्री का भी पद संभाल रहे पाटिल ने सिद्धरमैया के आधिकारिक आवास पर जलपान के दौरान हुई बैठक में हिस्सा लेने के बाद कहा कि मुख्यमंत्री दोपहर बाद इस्तीफा सौंपने लोक भवन जाएंगे और यह नेतृत्व परिवर्तन कांग्रेस के आलाकमान के निर्देशों के अनुरूप है। मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, "मुख्यमंत्री ने आलाकमान के साथ हुई चर्चा का हवाला देते हुए कहा है कि वह इस्तीफा देंगे।... पार्टी के भीतर कहीं कोई असहमति नहीं है। यह सर्वसम्मति से लिया गया फैसला है और आलाकमान ने जो कहा है, उस पर सभी सहमत हैं।"

उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी नेतृत्व ने कहा कि शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री होंगे और इस संबंध में विधायक दल की बैठक में उचित प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बैठक से जुड़े घटनाक्रम पर संवाददाताओं के सवाल पूछने पर श्रम मंत्री संतोष लाड भावुक हो गए और उनकी आंखें भर आईं। आबकारी मंत्री आर.बी. तिम्मापुर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पद छोड़ने के फैसले की घोषणा किए जाने के बाद बैठक में कुछ मंत्री भावुक हो गए थे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री एन.एस. बोसराजू ने कहा कि बैठक में पिछले तीन वर्षों के दौरान सरकार के कामकाज और भविष्य की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "आज सभी लोग (जलपान के दौरान बैठक में) शामिल हुए और सभी ने अच्छी बातें रखीं। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में उन्होंने सरकार और वित्तीय व्यवस्था को किस तरह संभाला। उन्होंने हमसे कहा कि अगले दो वर्षों में भी इसी तरह काम जारी रखा जाए और सभी लोग मेहनत करें।"

बोसराजू ने सिद्धरमैया के हवाले से कहा, "भाजपा के लोग साजिशें कर रहे हैं। आपको इन सबका मुकाबला करना है और 2028 में फिर चुनाव जीतना है।" सिद्धरमैया के पद छोड़ने के बाद कांग्रेस के भीतर राजनीतिक समीकरणों को लेकर पूछे गए सवाल पर बोसराजू ने कहा, "सब कुछ ठीक है। आलाकमान जो भी कहेगा, सभी उसका पालन करेंगे।" मंत्री ने यह भी कहा कि सिद्धरमैया और शिवकुमार दोनों मीडिया को संबोधित करेंगे। राज्यसभा सीट या अगले प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चा के सवाल पर उन्होंने कहा कि बैठक में इस बारे में कोई बात नहीं हुई। इस बीच, परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने कहा कि सिद्धरमैया दोपहर तक इस्तीफा दे सकते हैं। उन्होंने कहा, "वह इस्तीफा देने जा रहे हैं।

राज्यपाल शहर में नहीं हैं, इसलिए वह अपना इस्तीफा सचिव को सौंपेंगे।" सिद्धरमैया के जल्द दिल्ली जाने के सवाल पर रेड्डी ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। बैठक में क्या हुआ, इस बारे में पूछे जाने पर रेड्डी ने कहा कि सिद्धरमैया ने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग के लिए मंत्रियों का आभार जताया और उन्हें पद छोड़ने के फैसले की जानकारी दी। अगला मुख्यमंत्री कब पद संभालेगा, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि "यह अभी पता नहीं है।" कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक एवं प्रशासनिक सुधार आयोग के अध्यक्ष आर.वी. देशपांडे ने कहा कि नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी होगी। उन्होंने कहा, "नेतृत्व परिवर्तन बहुत सहज तरीके से होगा।" 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!