Edited By Pardeep,Updated: 02 Jun, 2026 11:46 PM

उत्तराखंड में टिहरी जिले के देवप्रयाग में मंगलवार को एक टैक्सी के अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिर जाने से उसमें सवार राजस्थान के तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई और चार अन्य लापता हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, बदरीनाथ...
नेशनल डेस्कः उत्तराखंड में टिहरी जिले के देवप्रयाग में मंगलवार को एक टैक्सी के अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिर जाने से उसमें सवार राजस्थान के तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई और चार अन्य लापता हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों के मुताबिक, बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैनिक होटल के समीप हुई इस दुर्घटना में 12 वर्षीय एक बालक गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसे उपचार के लिए पौड़ी जिले के श्रीनगर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार हादसे के समय वाहन में चालक समेत आठ लोग सवार थे जिसमें पांच महिलाएं शामिल हैं। चालक को छोड़कर अन्य सभी राजस्थान के जैसलमेर के निवासी बताए जा रहे हैं जो चारधाम यात्रा के बाद हरिद्वार की ओर जा रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव में जुट गई। हालांकि, नदी के तेज बहाव और दुर्गम भूभाग के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
अधिकारियों ने कहा कि बचाव दलों को नदी से तीन शव मिले हैं जिन्हें राफ्ट के जरिए बाहर लाया गया। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, एक बालक गंभीर घायल अवस्था में मिला जिसे उपचार के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल भिजवाया गया। अधिकारियों के मुताबिक बालक की पहचान आयुष्मान परिहार के रूप में हुई है और फिलहाल वह अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती है।
अधिकारियों के अनुसार बचाव दलों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के भीतर विस्तृत तलाश की किंतु अन्य कोई व्यक्ति नहीं मिला। अधिकारियों ने बताया कि शेष चार लापता व्यक्तियों—दो पुरुष एवं दो महिला) की तलाश हेतु एसडीआरएफ और पुलिस द्वारा नदी तट एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस दुर्घटना के संबंध में अन्य जानकारी जुटाने तथा वाहन सवार व्यक्तियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।