Edited By jyoti choudhary,Updated: 08 Sep, 2026 03:32 PM

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब वैश्विक बाजारों के साथ भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई और घरेलू बाजार में बिकवाली देखने को...
नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब वैश्विक बाजारों के साथ भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई और घरेलू बाजार में बिकवाली देखने को मिली।
मंगलवार को सेंसेक्स 555.23 अंक टूटकर 75,577.58 के स्तर तक पहुंच गया। वहीं निफ्टी 144.05 अंक फिसलकर 23,635.10 के स्तर पर बंद हुआ।
कच्चे तेल में उछाल से बढ़ी बाजार की चिंता
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में जोरदार तेजी आई। ब्रेंट क्रूड 1% से अधिक उछलकर 98 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उस पर कोई नया हमला होता है, तो वह खाड़ी देशों में अमेरिकी हितों से जुड़े ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बना सकता है। इससे तेल की सप्लाई को लेकर आशंकाएं बढ़ी हैं और कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बढ़ा है।
प्राइवेट बैंक और ऑटो शेयरों पर दबाव
बाजार की गिरावट में प्राइवेट बैंकिंग और ऑटो सेक्टर की अहम भूमिका रही। निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी ऑटो इंडेक्स में करीब 0.5% की गिरावट दर्ज की गई।
India VIX में भी बढ़ोतरी
बाजार में बढ़ी अनिश्चितता का असर India VIX पर भी दिखाई दिया। वोलैटिलिटी इंडेक्स करीब 0.60% बढ़कर 11.23 पर पहुंच गया। India VIX में तेजी आमतौर पर शेयर बाजार में आने वाले दिनों में अधिक उतार-चढ़ाव की आशंका का संकेत देती है। वहीं, VIX में गिरावट बाजार में अपेक्षाकृत कम अस्थिरता की संभावना को दर्शाती है।