Edited By Parveen Kumar,Updated: 21 Dec, 2025 06:28 PM

पटना सहित पूरे बिहार में ठंड का असर फिलहाल कम होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट जारी रह सकती है, जिससे कनकनी और तेज होगी। हालात ऐसे बनते दिख रहे हैं कि आने वाले दिनों में लोगों को ठंड और...
नेशनल डेस्क: पटना सहित पूरे बिहार में ठंड का असर फिलहाल कम होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट जारी रह सकती है, जिससे कनकनी और तेज होगी। हालात ऐसे बनते दिख रहे हैं कि आने वाले दिनों में लोगों को ठंड और घने कोहरे की दोहरी मार झेलनी पड़ सकती है। पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार तक राज्य के कई हिस्सों में कोहरा छाया रहेगा।
शनिवार को कितना गिरा पारा?
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को पटना का न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को यह 13.1 डिग्री सेल्सियस था। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 6.8 डिग्री कम होकर 16.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तापमान में इस गिरावट ने ठंड के असर को और बढ़ा दिया है।
25 दिसंबर के बाद शुरू होगा कोल्ड-डे का दौर?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी उत्तर भारत में समुद्र तल से करीब 12.6 किलोमीटर ऊपर 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी जेट स्ट्रीम सक्रिय है। इसके अलावा 25 दिसंबर से हिमालय क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ विकसित हो रहा है, जिसका असर पटना समेत पूरे बिहार में दिख सकता है। तापमान में और गिरावट आने पर राजधानी में कोल्ड-डे की स्थिति बनने की संभावना जताई जा रही है।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?
शनिवार की सुबह से ही राज्य के कई इलाकों में ठंड और घने कोहरे ने लोगों को परेशान किया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार तक 26 जिलों में यही हालात बने रह सकते हैं। अगले एक-दो दिनों में राज्य के पश्चिमी, मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में अधिकांश स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं सोमवार को दक्षिण-पूर्वी बिहार के एक-दो इलाकों में भी कोहरा रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे का हाल
बीते 24 घंटों में राज्य का न्यूनतम तापमान 12 से 14.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सबसे कम तापमान 12 डिग्री सबौर और डेहरी में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम दृश्यता 200 मीटर वाल्मीकि नगर में रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान 12.5 से 25.1 डिग्री के बीच रहा, जिसमें किशनगंज सबसे गर्म रहा। कई जिलों में अधिकतम तापमान में चार से 10 डिग्री तक की गिरावट भी दर्ज की गई।
क्या होता है कोल्ड-डे?
जब किसी क्षेत्र में लगातार दो दिनों तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाए और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री कम रहे, तो उस स्थिति को कोल्ड-डे कहा जाता है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के कुछ इलाकों में जल्द ही ऐसे हालात बन सकते हैं।