Edited By Parveen Kumar,Updated: 19 Dec, 2025 07:15 PM

बिहार में हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 22 दिसंबर तक घना से बेहद घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कड़ाके...
नेशनल डेस्क: बिहार में हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 22 दिसंबर तक घना से बेहद घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कड़ाके की ठंड पड़ सकती है, जिसे देखते हुए अधिकांश जिलों में रेड अलर्ट, जबकि पूर्वी बिहार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार सुबह से ही कई इलाकों में सूरज के दर्शन नहीं हुए और दिन के तापमान में 2 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
ये 5 शहर रहे सबसे ज्यादा ठंडे
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बिहार के पांच शहरों में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। गया जिले में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि छपरा और अगवानपुर में 12.3 डिग्री, जहानाबाद में 12.4 डिग्री और डेहरी में 12.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पछुआ हवाओं के प्रभाव के कारण कई जिलों में अलाव जलाने की जरूरत पड़ रही है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की है।
पटना में कोहरे की चादर, विजिबिलिटी घटी
राजधानी पटना के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग ने 22 दिसंबर तक यहां भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। शुक्रवार को अत्यधिक कोहरे का पूर्वानुमान था और शनिवार सुबह से ही यही स्थिति देखने को मिल रही है। पूरे पटना में कोहरे की चादर फैली हुई है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है और आवागमन प्रभावित हो रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों की चेतावनी और राहत की उम्मीद
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, घना कोहरा खासतौर पर पश्चिम और उत्तर बिहार में बना रह सकता है। पूर्व और दक्षिण बिहार की ओर बढ़ने पर इसकी तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दो दिनों के बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार हो सकता है। हालांकि न्यूनतम तापमान फिलहाल 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, इसलिए अभी शीतलहर जैसी स्थिति बनने की संभावना कम बताई गई है।
पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम का हाल
बीते 24 घंटों में बिहार के दक्षिण-मध्य, पश्चिम-उत्तर और उत्तर-मध्य हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। गुरुवार को इस सीजन की पहली जोरदार ठंड महसूस की गई, जब राज्य के आधे से ज्यादा हिस्सों में दिन का तापमान सात डिग्री तक गिर गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि घने कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। गुरुवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस सबौर में दर्ज किया गया, जबकि गयाजी और भागलपुर में विजिबिलिटी महज 50 मीटर तक सिमट गई।