Edited By Parveen Kumar,Updated: 05 Jul, 2026 05:16 PM

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रविवार को सूरतगढ़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर एक निजी एंबुलेंस और सेना के वाहन की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नेशनल डेस्क : राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रविवार को सूरतगढ़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर एक निजी एंबुलेंस और सेना के वाहन की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, हादसा केंचियां कस्बे के निकट उस समय हुआ जब एंबुलेंस एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे सेना के ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में एक महिला मरीज को जयपुर के एक अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद परिजन घर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात भी बाधित रहा।
पुलिस ने मृतकों की पहचान लक्ष्मी देवी (26), एंबुलेंस चालक सतनाम सिंह (26) और महेंद्र कौर (56) के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि हादसे में रामप्रकाश और राजवीर घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि शव पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर भेज दिए गए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इस बीच, सेना ने एक बयान जारी कर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि घटना की जांच के दौरान वह नागरिक प्रशासन को पूरा सहयोग दे रही है।