राहुल गांधी को सजा सुनाए जाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने की पार्टी नेताओं संग बैठक, आगे की रणनीति पर हुई चर्चा

Edited By Updated: 23 Mar, 2023 09:22 PM

congress president kharge held a meeting with party leaders

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मानहानि के एक मामले में राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत द्वारा दो वर्ष कारावास की सजा सुनाये जाने से उत्पन्न स्थिति पर पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ अपने आवास पर बैठक की

नई दिल्लीः कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मानहानि के एक मामले में राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत द्वारा दो वर्ष कारावास की सजा सुनाये जाने से उत्पन्न स्थिति पर पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ अपने आवास पर बैठक की। राहुल गांधी को सजा सुनाए जाने के राजनीतिक प्रभावों पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पार्टी सांसदों सहित वरिष्ठ नेताओं की शाम को बैठक हुई।

उल्लेखनीय है कि सूरत की एक अदालत ने ‘‘मोदी उपनाम'' संबंधी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ 2019 में दर्ज आपराधिक मानहानि के एक मामले में उन्हें बृहस्पतिवार को दो साल कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने, हालांकि गांधी को जमानत भी दे दी तथा उनकी सजा के अमल पर 30 दिनों तक के लिए रोक लगा दी, ताकि कांग्रेस नेता फैसले को चुनौती दे सकें।

इस बीच, सूत्रों ने बताया कि पार्टी नेताओं ने इस बात पर चर्चा की कि सूरत की अदालत के फैसले को चुनौती देने के लिए तत्काल उपचारात्मक उपाए किए जाएं और इस पर ऊपरी अदालत से रोक लगवाई जाए। उन्होंने बताया कि इस आदेश को चुनौती देने की याचिका तैयार की जा रही है और इसे जिला एवं सत्र अदालत में दाखिल किया जायेगा।

सूत्रों ने कहा कि इस बारे में विचार अलग अलग है कि क्या राहुल गांधी को शुक्रवार को संसद जाना चाहिए क्योंकि जुलाई 2013 के उच्चतम न्यायालय के फैसले के तहत उन्हें (राहुल) को लोकसभा की सदस्यता से संभावित अयोग्यता की स्थिति का सामना करना पड़ेगा। बहरहाल, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ सूरत की अदालत के फैसले पर कानूनी विशेषज्ञ विचार करेंगे और इसके बाद ही सरकार अगले कदम के बारे में निर्णय करेगी।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!