PM मोदी देश को आगे ले जाने पर ध्यान केंद्रित करते हैं : एकनाथ शिंदे

Edited By Updated: 17 Sep, 2026 06:22 PM

pm modi focuses on taking the country forward eknath shinde

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को आगे ले जाने के अपने काम पर ध्यान केंद्रित करते हैं और विपक्ष द्वारा लगाए जाने वाले आरोपों पर ''ध्यान तक नहीं देते''

वडनगरः महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को आगे ले जाने के अपने काम पर ध्यान केंद्रित करते हैं और विपक्ष द्वारा लगाए जाने वाले आरोपों पर ''ध्यान तक नहीं देते'' मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर मेहसाणा के वडनगर में आयोजित एक बड़े 'सेवा संकल्प अभियान' कार्यक्रम में शामिल हुए शिंदे से, शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा मोदी, भाजपा और महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार पर लगातार किए जा रहे हमलों के बारे में सवाल पूछा गया था।

शिंदे ने कहा, ''वे मोदी जी पर कितने ही आरोप लगाते रहें, लेकिन वह उनकी ओर देखते तक नहीं हैं। प्रधानमंत्री मोदी देश को आगे ले जाने के लिए केवल अपने काम पर ध्यान केंद्रित करते हैं और आरोपों पर कभी ध्यान नहीं देते।'' उन्होंने हाथी के चलने और पीछे से होने वाली आवाजों वाली कहावत का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। शिंदे ने कहा कि विपक्ष का काम सवाल उठाना और आरोप लगाना है, जबकि सरकार का काम विकास करना और लोगों के जीवन में बदलाव लाना है। उन्होंने कहा, ''विपक्ष हम पर भी आरोप लगाता रहता है लेकिन हम अपना काम करते रहते हैं।

हम उनके आरोपों का जवाब अपने काम से देते हैं, बस।'' शिंदे की शिवसेना महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति सरकार का हिस्सा है। उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना से दोनों राज्यों को बहुत लाभ होगा और आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी सरकार ने इसके काम को रोक दिया था। उन्होंने कहा, ''जब मैं 2022 में महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बना, तो मैंने उस रुकावट को दूर किया। मैंने रोक हटा दी। इसके बाद बुलेट ट्रेन का काम तेजी से आगे बढ़ने लगा। इस परियोजना से केवल गुजरात और मुंबई को ही नहीं, बल्कि पूरे महाराष्ट्र को बहुत लाभ मिलेगा।''


महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस बात की बहुत खुशी है कि मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल को मिलाकर कार्यपालिका में 25 सफल वर्ष पूरे किए हैं। मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के मेहसाणा जिले के वडनगर में हुआ था और बृहस्पतिवार को वह 76 वर्ष के हो गए। वह सात अक्टूबर को सार्वजनिक जीवन में लगातार 25 वर्ष पूरे करेंगे। उन्होंने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी और 2014 में प्रधानमंत्री बने थे। शिंदे ने कहा, ''महाराष्ट्र की 12.5 करोड़ जनता की ओर से मैं उन्हें बधाई देता हूं। मैं अपनी और अपनी पार्टी की ओर से भी प्रधानमंत्री को बधाई देता हूं।'

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!