Edited By Ramanjot,Updated: 14 Aug, 2026 01:28 PM

पुलिस ने बताया कि जब महिला ने अपना वाहन चार्जिंग के लिए खड़ा किया था, तभी एक अन्य चालक ने भी अपना वाहन चार्जिंग के लिए उसके वाहन के पास खड़ा कर दिया।
गुरुग्राम/बिहार: गुरुग्राम पुलिस ने एक महिला कैब चालक की शिकायत पर पेशे से चालक एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान बिहार के मधुबनी जिले के परसा गांव निवासी अर्जुन कामावत के रूप में की है। वह वर्तमान में गुरुग्राम के नाथूपुर, डीएलएफ फेज-3 में रह रहा था।
महिला का आरोप है कि आरोपी व्यक्ति ने जानबूझकर अपने मोबाइल फोन की स्क्रीन उसकी तरफ घुमा दी, जिस पर एक अश्लील वीडियो चल रहा था। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि जब महिला ने इसपर आपत्ति जताई, तो आरोपी ने उसके साथ दुर्व्यवहार तथा मारपीट की। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता एक पर्यटन से जुड़ी कंपनी के लिए वाहन चलाती है और उसने इस घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। पुलिस ने बताया कि महिला द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया यह वीडियो वायरल हो गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में डीएलएफ सेक्टर-29 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें- PHED ठेकेदार की दिनदहाड़े हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने मारी 8 गोलियां, इलाके में हड़कंप
पुलिस ने बताया कि बुधवार को जब महिला ने अपना वाहन चार्जिंग के लिए खड़ा किया था, तभी एक अन्य चालक ने भी अपना वाहन चार्जिंग के लिए उसके वाहन के पास खड़ा कर दिया। वह चालक अपने वाहन में बैठकर मोबाइल फोन पर एक अश्लील वीडियो देख रहा था और उसने जानबूझकर फोन की स्क्रीन महिला की तरफ घुमा दी। पुलिस ने बताया कि जब महिला ने इसका विरोध किया, तो चालक ने उसे अपशब्द कहे और उसके साथ दुर्व्यवहार किया। गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने कहा, ''हम आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं। इस मामले में कानूनी कार्रवाई कानून के अनुसार होगी। जांच जारी है।''