Edited By Ramanjot,Updated: 21 Mar, 2026 04:58 PM

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि मुंह में होने वाले मामूली बदलाव गंभीर बीमारियों के शुरुआती संकेत हो सकते हैं।
Oral Health Warning Signs: अक्सर हम डेंटिस्ट के पास तभी जाते हैं जब दांतों में दर्द हो या कैविटी की समस्या आए। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपका मुंह शरीर का वह 'आईना' है जो गंभीर बीमारियों के दस्तक देने से पहले ही चेतावनी दे देता है? मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार, मसूड़ों की रंगत से लेकर जीभ का सूखापन तक, शरीर के भीतर पनप रही डायबिटीज, एनीमिया और यहां तक कि कैंसर जैसी बीमारियों के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। समय रहते इन 'साइलेंट सिग्नल्स' को पहचानना जानलेवा स्थितियों से बचाव का सबसे कारगर तरीका है।
मुंह के जरिए शरीर देता है ये 5 बड़े संकेत:
डायबिटीज: लगातार सूखापन और जलन
यदि आपको बार-बार प्यास लगती है और मुंह सूखता रहता है (Xerostomia), तो यह हाई ब्लड शुगर का संकेत हो सकता है। शुगर बढ़ने पर मुंह में बैक्टीरिया और फंगस तेजी से पनपते हैं, जिससे जीभ में जलन और बार-बार इन्फेक्शन की समस्या होती है।
ओरल कैंसर: न भरने वाले घाव
मुंह में कोई भी ऐसा घाव या छाला जो दो सप्ताह से अधिक समय तक ठीक न हो, उसे हल्के में न लें। मुंह के भीतर लाल-सफेद धब्बे या किसी भी तरह की गांठ 'ओरल कैंसर' का शुरुआती लक्षण हो सकती है।
एनीमिया: जीभ का रंग फीका पड़ना
शरीर में आयरन की कमी या एनीमिया होने पर जीभ अपनी स्वाभाविक लाली खो देती है। यदि आपकी जीभ असामान्य रूप से चिकनी, पीली या दर्दयुक्त लग रही है और होंठों के किनारों पर दरारें (Angular Cheilitis) दिख रही हैं, तो यह खून की कमी का लक्षण हो सकता है।
HIV: सफेद धब्बे
मुंह के भीतर सफेद धब्बे (Oral Candidiasis), मसूड़ों में अचानक गंभीर समस्या या बार-बार होने वाले छालें इस बात का संकेत हैं कि आपका इम्यून सिस्टम कमजोर हो रहा है। चिकित्सा विज्ञान में इसे HIV जैसी गंभीर बीमारियों के शुरुआती लक्षणों से जोड़कर देखा जाता है।
विटामिन B12 की कमी: स्वाद में बदलाव
क्या आपकी जीभ लाल और सूजी हुई महसूस होती है? विटामिन B12 की कमी होने पर जीभ में न केवल जलन होती है, बल्कि खाने का स्वाद भी बदल जाता है। अक्सर थकान महसूस होने से पहले मुंह में ये लक्षण दिखाई देने लगते हैं।
बचाव के लिए क्या करें?
- शीशे में सप्ताह में एक बार अपने मसूड़ों, जीभ और गालों के अंदरूनी हिस्से की जाँच करें।
- साल में कम से कम दो बार डेंटिस्ट से परामर्श लें, भले ही दांतों में दर्द न हो।
- दर्दहीन गांठ या धब्बों को दर्द वाले छालों से भी अधिक गंभीरता से लें।
- ब्रश और फ्लॉस के साथ-साथ जीभ की सफाई (Tongue Cleaning) को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।