Edited By Anu Malhotra,Updated: 01 May, 2026 11:24 AM

भीषण गर्मी के बीच देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई राज्यों के लिए 6 मई तक आंधी, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक...
Thunderstorm Alert: भीषण गर्मी के बीच देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई राज्यों के लिए 6 मई तक आंधी, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम और ज्यादा अस्थिर रहने की चेतावनी दी गई है।
बीते दिन तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण दिल्ली, बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर गया है। वहीं दूसरी ओर विदर्भ के चंद्रपुर में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो देश में सबसे ज्यादा रहा। राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर, महाराष्ट्र के अमरावती तथा आंध्र प्रदेश के रेंटाचिंताला में भी पारा 44 डिग्री के आसपास रहा।
बेंगलुरु में तेज बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 10 लोगों की मौत
भारी बारिश और आंधी-तूफान ने कई राज्यों में जनजीवन को प्रभावित किया है। बेंगलुरु में तेज बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 10 लोगों की मौत की खबर है। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में बिजली गिरने से एक 11 वर्षीय बच्चे की जान चली गई। उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश से 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि बिहार में 5 लोगों की मृत्यु हुई है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और कश्मीर क्षेत्र में Western Disturbance एक्टिव है, जिसके कारण उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना हुआ है। पंजाब, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि 2 मई 2026 से एक New Western Disturbance पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होगा, जिससे आने वाले करीब दो हफ्तों तक मौसम में ठंडक और बदलाव बना रह सकता है।
6 मई तक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
IMD के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। जम्मू-कश्मीर में 2 से 5 मई के बीच हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश में 3 और 4 मई को जबकि उत्तराखंड में 1 से 6 मई तक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मैदानी राज्यों की बात करें तो पंजाब में 3 से 6 मई के बीच मौसम खराब रह सकता है। हरियाणा और चंडीगढ़ में 1 और फिर 3 से 6 मई तक बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश में 4 से 6 मई के बीच बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। राजस्थान में भी मौसम बदलेगा। पश्चिमी राजस्थान में 2 और 3 मई को बारिश के आसार हैं, जबकि पूर्वी राजस्थान में 2 से 6 मई तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है।
1 मई से 6 मई के बीच भारी बारिश की चेतावनी
IMD के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 दिनों तक हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। 1 मई से 6 मई के बीच अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में कई स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। लगातार बारिश से इन राज्यों में जलभराव और सामान्य जीवन प्रभावित हो सकता है।
वहीं पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत से सटे इलाकों में भी मौसम अस्थिर बना रहेगा। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में अगले 7 दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में आंधी-तूफान की भी चेतावनी दी है, जहां हवाओं की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और कुछ स्थानों पर यह 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी जा सकती है।