Edited By Pardeep,Updated: 27 Aug, 2026 11:19 PM

उत्तर प्रदेश में इन दिनों मानसूनी बारिश का दौर जारी है और इस बीच औद्योगिक नगरी कानपुर से सड़क धंसने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बुधवार को तेज बारिश के बीच जाजमऊ इलाके में सरिया चौराहे के पास अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया।
कानपुर: उत्तर प्रदेश में इन दिनों मानसूनी बारिश का दौर जारी है और इस बीच औद्योगिक नगरी कानपुर से सड़क धंसने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बुधवार को तेज बारिश के बीच जाजमऊ इलाके में सरिया चौराहे के पास अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया। इसके चलते सड़क के बीचों-बीच करीब 18 फीट गहरा और 10 फीट चौड़ा एक विशाल गड्ढा (सिंकहोल) बन गया है।
सड़क के बीच बना 'वाटरफॉल' और 'झील' चर्चा का विषय
सड़क धंसने के बाद जब उसमें चारों तरफ से बहकर आ रहा बरसाती पानी गिरने लगा, तो वह किसी झरने (वाटरफॉल) की तरह दिखाई देने लगा। पानी पूरी तरह भर जाने के बाद वहां का नजारा एक छोटी झील जैसा प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा बनाया गया इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और यह पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बैरिकेडिंग कर मार्ग बंद, राहगीर परेशान
यह प्रभावित सड़क जाजमऊ से सर्किट हाउस की तरफ जाने वाले मुख्य मार्ग का हिस्सा है। सड़क धंसने के कारण इस व्यस्त रास्ते से गुजरने वाले आम लोगों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता और सुरक्षा को देखते हुए कानपुर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग कर दी है और इस मार्ग को यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है।