Edited By Punjab Kesari,Updated: 30 Aug, 2017 06:11 PM

मालेगांव ब्लास्ट केस में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित 9 साल बाद सेना की वर्दी में नजर आए...
नई दिल्ली: मालेगांव ब्लास्ट केस में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित 9 साल बाद सेना की वर्दी में नजर आए जिसे पहनकर वह काफी खुुश दिखाई दिए। दरअसल मालेगांव ब्लास्ट के आरोप में लगभग 9 साल जेल में गुजारने के बाद पुरोहित रिहा किए गए हैं। कर्नल पुरोहित को मालेगांव ब्लास्ट और कथित हिंदू आतंकवाद के मामलों में आरोप के बाद गिरफ्तार किया गया था। मालेगांव ब्लास्ट में अभिनव भारत संगठन का नाम सामने आया था।
मिलिट्री इंटेलिजेंस विंग में अफसर थे पुरोहित
जेल से आजाद होने के बाद कर्नल पुरोहित ने कहा था कि वे फिर से देश की सेवा करना चाहते हैं। गिरफ्तारी से पहले पुरोहित मिलिट्री इंटेलिजेंस विंग में अफसर थे। महाराष्ट्र के मालेगांव में 29 सितंबर, 2008 को हुए ब्लास्ट में सात लोगों की मौत हो गई थी। इस दौरान हमीदिया मस्जिद के पास रखी बाइक में धमाका हुआ था। इसी केस में एक अन्य आरोपी साध्वी प्रज्ञा को भी बेल मिल चुकी है। 8 साल 9 महीने तक कर्नल पुरोहित जेल में बंद रहे। पुरोहित पर धमाकों के लिए बम सप्लाई का आरोप था। कर्नल पुरोहित को सुप्रीम कोर्ट से सशर्त जमानत मिली है। अदालत की मंजूरी के बिना वे देश नहीं छोड़ सकते हैं।