मजीठिया का तीखा हमला..मुख्यमंत्री विधानसभा में अपना बहुमत साबित करें...

Edited By Updated: 24 Apr, 2026 09:06 PM

majithia s said chief minister should prove his majority in assemb

मजीठिया का तीखा हमला..मुख्यमंत्री विधानसभा में अपना बहुमत साबित करें...

चंडीगढ़ — 24अप्रैल( अर्चना सेठी) शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी में चल रही ताज़ा राजनीतिक हलचल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पंजाब में पार्टी के भीतर उथल-पुथल शुरू हो चुकी है और आने वाले समय में बड़े स्तर पर टूट देखने को मिलेगी, जो मान सरकार को अस्थिर कर सकती है।

 

उन्होंने कहा, “यह तो शुरुआत है, अभी तो फिल्म का ट्रेलर है—पूरी फिल्म पंजाब के लोग जल्द ही देखेंगे। मैं इसकी उम्मीद अगस्त में कर रहा था, लेकिन यह अप्रैल में ही हो गया है।”

 

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य — राघव  चड्ढा, संदीप पाठक, स्वाति मालीवाल, विक्रमजीत सिंह साहनी, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह और राजिंदर गुप्ताने भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने का फैसला किया है, और जल्द ही पंजाब के विधायक भी पार्टी छोड़ते हुए दिखाई देंगे।

 

मजीठिया ने कहा कि अब पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायकों की “उलटी गिनती” शुरू हो चुकी है और विधायकों के पार्टी छोड़ने का सिलसिला जालंधर और लुधियाना से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से मुख्यमंत्री  मान की अगुवाई वाली सरकार पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है और सरकार जल्द ही विधानसभा में अपना बहुमत खो सकती है।

 

उन्होंने कहा कि वह पंजाब के राज्यपाल से अपील करते हैं कि जल्द से जल्द विधानसभा का सत्र बुलाया जाए और मुख्यमंत्री को बहुमत साबित करने के लिए कहा जाए।

 

उन्होंने आगे कहा कि इस बात पर कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि भविष्य में मुख्यमंत्री स्वयं भी पक्ष बदल सकते हैं, यह आरोप लगाते हुए कि वे अपनी ऑस्ट्रेलिया स्थित संपत्तियों को सुरक्षित रखना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री को केंद्रीय एजेंसियों जैसे ईडी और सीबीआई की कार्रवाई का डर है।

 

मजीठिया ने मांग करते हुए कहा कि अब मुख्यमंत्री को विधानसभा में अपना बहुमत साबित करना चाहिए। अब बहानेबाज़ी नहीं चलेगी और न ही लोग सिर्फ भाषणों से संतुष्ट होंगे। पंजाब के लोग समझ चुके हैं कि राज्यसभा की टिकटें कैसे दी गईं और अब जो लोग बाहर से लाए गए थे, वे ही पार्टी छोड़कर जा रहे हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!