Edited By Anu Malhotra,Updated: 10 Mar, 2026 04:46 PM

Moradabad News: मुरादाबाद के बुद्धि विहार इलाके से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर जिस भाई-बहन की केमिस्ट्री को देख लोग मिसाल देते थे, उसी भाई हार्दिक ने अपनी सगी बहन हिमशिखा पर चाकू से...
Moradabad News: मुरादाबाद के बुद्धि विहार इलाके से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर जिस भाई-बहन की केमिस्ट्री को देख लोग मिसाल देते थे, उसी भाई हार्दिक ने अपनी सगी बहन हिमशिखा पर चाकू से 84 वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस खूनी खेल में उसने अपनी मां नीलिमा को भी नहीं बख्शा, जो फिलहाल अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही हैं। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन इस हत्याकांड के पीछे की कहानी किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है।
नीलिमा ने अपने पति से अलग होने के बाद अकेले ही मुश्किल हालातों में दोनों बच्चों की परवरिश की थी। हार्दिक और हिमशिखा दोनों गुड़गांव की आईटी कंपनी में काम करते थे और साथ ही रहते थे। करीब एक साल पहले हार्दिक की नौकरी छूट गई, जिसके बाद वह पूरी तरह सोशल मीडिया की दुनिया में खो गया। वह अपनी बहन के साथ यूट्यूब और इंस्टाग्राम के लिए कंटेंट बनाता था। उनके व्लॉग्स में दोनों साथ घूमते, ट्रेवल करते और गंभीर सामाजिक मुद्दों जैसे महिलाओं के हक और अंतरजातीय विवाह पर खुलकर चर्चा करते थे। रील की दुनिया में उन्हें देखकर कोई अंदाजा भी नहीं लगा सकता था कि हार्दिक के भीतर नफरत का कोई ज्वालामुखी पनप रहा है।
विवाद की जड़ एक वैचारिक मतभेद और हार्दिक का प्रेम प्रसंग बना। दरअसल, हार्दिक की पुणे की रहने वाली एक मुस्लिम लड़की से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी, जिसे वह शादी में बदलना चाहता था। हार्दिक का मानना था कि प्यार में धर्म और जाति कोई मायने नहीं रखते, जबकि उसकी बहन हिमशिखा का तर्क था कि अंतरजातीय विवाह तक तो ठीक है, लेकिन दूसरे धर्म में शादी करना सही नहीं है।
एक वीडियो में तो हार्दिक अपने नाना से भी यही सवाल पूछता नजर आता है। इसी बीच हार्दिक का अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया। इस अलगाव ने उसे गहरे तनाव और सनक में धकेल दिया। उसे लगने लगा कि उसकी खुशियों के बीच उसकी मां और बहन दीवार बनकर खड़ी हैं।
यही खुन्नस एक दिन खूनी अंजाम में बदल गई। अपनी बहन की सोच और ब्रेकअप के सदमे को हार्दिक बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसने सब्जी काटने वाले चाकू से अपनी ही बहन पर तब तक वार किए जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं। बीच-बचाव करने आई मां पर भी उसने जानलेवा हमला किया। जिस भाई ने कभी वीडियो के अंत में कहा था कि "अगर जिंदगी में दखल देने वाला कोई न हो, तो खुशियां ही खुशियां होंगी", उसी ने अपनी सनक में हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। हार्दिक ने हिमशिखा के गर्दन, पैर, हाथ, पेट, छाती, कंधे, चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ वार किए गए थे और तो और फेफड़े फट गए थे और पसलियां टूट चुकी थीं। पोस्टमार्टम के दौरान डाॅक्टर भी इतने दंग रह गए कि उनका कहना है कि यह हमला इतना हिंसक था कि शरीर का कोई भी अंग सुरक्षित नहीं था।